Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक निगम चुनाव: BJP में बढ़ने लगे दावेदार:मेयर पद के लिए 19 तो पार्षद के लिए 146 आवेदन, कलानौर के अमरजीत सोलंकी-सरिता की दावेदारी

रोहतक जिले में भाजपा के मेयर पद के प्रत्याशियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मेयर पद के प्रत्याशियों में पूर्व पार्षद, चेयरमैन, विधायक का चुनाव लड़ चुके प्रत्याशी और एक पूर्व विधायक भी शामिल हैं।

कांग्रेस की ओर से अभी तक प्रत्याशियों को लेकर कोई जानकारी नहीं आई है, भाजपा में मेयर पद के लिए अब तक 19 लोगों ने अपनी उम्मीदवारी पेश की है। अब देखना यह है कि भाजपा किसे मेयर का टिकट देती है।

भाजपा कार्यालय में मेयर और पार्षद पद के लिए दावेदारी अभी जारी है। इनमें से कुछ पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के करीबी भी हैं। अगर टिकट को लेकर मनीष ग्रोवर की मर्जी चली तो उन्हें टिकट मिल सकता है। लेकिन सवाल यह है कि क्या टिकट के लिए मनीष ग्रोवर की मर्जी चलेगी या हाईकमान टिकट तय करेगा।

भाजपा ने प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट वेदपाल को रोहतक निकाय चुनाव के लिए चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। वेदपाल अब रोहतक नगर निगम के साथ-साथ कलानौर नगर परिषद के चुनाव की भी जिम्मेदारी संभालेंगे। अब उन पर दोनों ही चुनावों में भाजपा को जीत दिलाने का दबाव रहेगा।

मेयर पद के लिए पूर्व सीएम मनोहर लाल के ओएसडी रहे रिटायर्ड एचसीएस अमरजीत सोलंकी को प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन भाजपा में शामिल हो चुकी पूर्व विधायक सरिता ने दावेदारी कर चुनौती पेश कर दी है। वहीं, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन ओमप्रकाश बागड़ी भी दावेदारी कर रहे हैं।

नगर निगम के 22 वार्डों में पार्षद टिकट पाने के लिए भाजपा में होड़ मची हुई है। 22 वार्डों के लिए अब तक 146 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। वार्ड 21 में सबसे ज्यादा 13 प्रत्याशी हैं, जबकि वार्ड 13, 14 और 22 से एक-एक प्रत्याशी ने ही नामांकन दाखिल किया है।

Exit mobile version