रोहतक, 31 मई। रोहतक के चर्चित चिंकी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मृतका के पति गोविंदा और उसकी कथित प्रेमिका पूजा को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और चिंकी इस रिश्ते का विरोध कर रही थी। इसी कारण हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गोविंदा और पूजा की मुलाकात करीब दो महीने पहले एक ट्रेन यात्रा के दौरान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। बताया जा रहा है कि एक माह पहले दोनों ने मंदिर में विवाह भी कर लिया था और साथ रहने की योजना बना रहे थे।
जांच में यह भी सामने आया कि गोविंदा ने पूजा के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। जब यह बात उसकी पत्नी चिंकी को पता चली तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद कथित रूप से पति और प्रेमिका ने मिलकर चिंकी को रास्ते से हटाने की साजिश बनाई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मृतका के दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर उनके दादा-दादी के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है।
