हरियाणा के रोहतक जिले के बहुचर्चित दुल्हन गोलीकांड में मुख्य आरोपी साहिल को सांपला थाना पुलिस ने व्यवसायी से कार लूट मामले में प्रोडक्शन वारंट पर लिया। दो दिन के रिमांड के दौरान आरोपी ने कई बड़े खुलासे किए। उसने बताया कि उस वक्त कार से बाकी सभी को नीचे उतारने के बाद वह तनिष्का के साथ गाड़ी में अंदर सीट पर बैठा। तनिष्का को कहा कि जब मैंने तुझे मना किया था तो तूने शादी क्यों की। मैं तुझसे प्यार करता हूं, तेरे साथ जिंदगी बिताना चाहता हूं। मगर मैं तुझे किसी और की होता हुआ नहीं देख सकता। तनिष्का ने साहिल की एक भी बात का जबाब नहीं दिया। वह सिर नीचे कर चुप बैठी रही। इसके बाद साहिल ने तनिष्का को अपने साथ भागने के लिए कहा। जिस पर तनिष्का नहीं मानी तो साहिल ने तैश में आकर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी।
पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लूटी हुई इनोवा में सवार होकर भाग निकला। वे गांव के फाटक से गुजर रहे थे कि अचानक फाटक पर किसी नुकीली चीज में टायर अड़ गया और टायर फट गया। जिसके बाद वह गाड़ी को वापिस गांव की ओर ले कर गए। गांव के अड्डे पर इनोवा को खड़ी कर वे खेतों के रास्ते पैदल पैदल बेरी गए। बेरी में सुबह एक चाय की दुकान पर चाय पी। वहां से ऑटो में सवार होकर झज्जर गए। झज्जर में मुख्य आरोपी साहिल को हथियार देने वाला एक और आरोपी रहता है। झज्जर में उससे बातचीत कर वे दिल्ली की ओर भाग गए। आरोपी साहिल ने खुलासा किया कि अगर इनोवा का टायर नहीं फटता तो वे गाड़ी में ही कही दूर फरार हो जाते। गाड़ी की नंबर प्लेट पर भी बदलनी थी। कुछ दिनों बाद इनोवा को मॉडीफाई करवा कर अपने प्रयोग में लाते।
घायल तनिष्का का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उपचार चल रहा है। तनिष्का, करीब 10 दिन से मेदांता में दाखिल है। वहां वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम तनिष्का के बेहतर इलाज में लगी हुई है। अब हालत ये है कि तनिष्का का रक्तचाप काफी हद तक नियंत्रण में है। क्योंकि रक्तचाप नियंत्रण में न होने के कारण ही उसका ऑपरेशन नहीं किया जा रहा था। मेदांता के डॉक्टरों के मुताबिक तनिष्का के शरीर में अभी भी 5 गोलियां हैं।
जिन्हें निकालने के लिए आज शाम बाद ऑपरेशन किया जाएगा। डॉक्टरों के मुताबिक उसके पेट में दो, पासू में एक, एक जबड़े समेत पांच गोलियां शरीर के भीतर ही है। हाथ में लगी गोली को पीजीआई के डॉक्टरों ने पहले ही दिन निकाल दिया था। तनिष्का बहुत ही बहादुरी के साथ अपनी जिंदगी की जंग लड़ रही है। उसकी सलामती के लिए हर कोई अपने हाथ उठा रहा है।

