Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक के लड़के ने की 16 साल की नाबालिग लड़की से शादी; पुलिस ने रिसेप्शन पर पहुंच किया भांडाफोड; Instagram पर हुई थी दोस्ती

रोहतक में एक युवक द्वारा 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से शादी करने का मामला सामने आया है, इसका खुलासा उस समय हुआ जब शादी के अगले दिन रिसेप्शन पार्टी के दौरान पुलिस टीम पहुंच गई और लड़की केवल 16 साल 4 महीने की निकली। दोनों की इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्यार में बदल गई।

महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी करमिंद्र कौर ने बताया कि डायल 112 पर एक कॉल आई। जिसमें बताया कि रोहतक के डेयरी मोहल्ला में नाबालिग की शादी करवाई जा रही है। जिसके बाद पुरानी सब्जी मंडी थाना की पुलिस व महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान पता चला कि दोनों की शादी एक दिन पहले ही 23 फरवरी को हो चुकी है। शुक्रवार को तो घर पर शादी के बाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। जिसके बाद टीम ने दुल्हन के दस्तावेजों की जांच की तो दस्तावेजों में पाया कि उसकी उम्र अभी 16 साल और 4 महीने ही है। लड़की उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और लड़का रोहतक का।

करमिंद्र कौर के मुताबिक जब नाबालिग लड़की व अन्य लोगों से पूछताछ की तो सामने आया कि लड़की की लड़के के साथ इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। कुछ समय बाद यह दोस्ती प्यार में बदल गई। यहां तक कि लड़की ने अपने परिवार वालों पर शादी के लिए दबाव भी बनाया।

बेटी के दबाव में परिवार वाले भी इस शादी को राजी हो गए। यहां तक कि बेटी ने भागकर शादी करने की धमकी भी दे दी थी। लड़की का जन्म 9 अक्टूबर 2006 को हुआ था। वहीं 23 फरवरी को उत्तर प्रदेश में शादी कर ली। रोहतक पुलिस ने जीरो FIR दर्ज करके सहारनपुर जिला पुलिस को भेज दी है। आगे की कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की जाएगी।

Exit mobile version