रोहतक से भाजपा के उम्मीदवार अरविंद शर्मा ने फिर से जाट आरक्षण आंदोलन को याद दिलाते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि इलाका जल रहा था तो ये लोग घरों से बाहर निकले, लेकिन जब कोरोना काल आया तो ये घरों से बाहर नहीं निकले। आज भी लोगों को वह मंजर याद है। डॉ. अरविंद शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जाट आरक्षण आंदोलन को हम याद नहीं दिलाते, बल्कि बेरी के विधायक ने ऐसा बयान दिया है, जिससे वे भय का माहौल बनाना चाहते हैं।
शनिवार को डा. अरविंद रोहतक में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। डॉ. अरविंद शर्मा का रोहतक लोकसभा में कई जगहों पर विरोध हो रहा है। जिस पर अरविंद शर्मा ने कहा कि यह विरोध करने वाले गुलाबी गैंग के ही लोग हैं। कुछ लोगों को गुमराह करके विरोध करवाया जा रहा है। जब उनसे सवाल पूछा कि रोहतक ही नहीं हरियाणा और पंजाब के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों का विरोध हो रहा है, क्या वहां भी गुलाबी गैंग है। इस पर डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि गुलाबी गैंग की जड़ें पूरे देश में फैली हुई हैं।
हुड्डा पिता-पुत्र द्वारा दिल्ली के रास्ते चंडीगढ़ जाने के बयान पर अरविंद शर्मा ने पलटवार किया। अरविंद शर्मा ने कहा कि दिल्ली होते हुए चंडीगढ़ जाने के लिए 6-7 घंटे लगेंगे। लेकिन अब चंडीगढ़ 152डी के जरिए 2-3 घंटे में नायब सिंह सैनी पहुंचेंगे। उन्होंने दीपेंद्र सिंह हुड्डा के घर-घर कांग्रेस हर घर कांग्रेस अभियान पर तंज कसा। अरविंद शर्मा ने कहा कि पूरा परिवार घर-घर जा रहा है। यह लोकसभा का चुनाव है, इसमें गांव व शहर में जनसभाएं करनी चाहिए और लोगों के बीच जाना चाहिए। लेकिन हुड्डा डरा हुआ है, इसलिए हर घर जा रहे हैं।
