Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक बार एसोसिएशन का चुनाव:4 पदों के लिए सुबह शुरू हुई वोटिंग, 5 बजे के बाद जारी होगा परिणाम

रोहतक जिले में बार एसोसिएशन का चुनाव सुबह 8 बजे से शुरू हो गया। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है। 4 पदों के लिए वोटिंग करवाई जा रही है, जबकि प्रधान पद पर पहले ही दीपक हुड्डा निर्वाचित घोषित किए जा चुके है। दीपक हुड्डा के विरुद्ध चुनाव लड़ रहे पूर्व प्रधान अरविंद श्योराण को बार काउंसिल पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा सस्पेंड किया गया था।

बता दें कि बार एसोसिएशन के प्रधान पद के लिए दो ही उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे थे, जिसमें से अरविंद श्योराण को सस्पेंड करने के बाद दीपक हुड्डा को निर्वाचन अधिकारी प्रदीप मलिक ने विजेता घोषित कर दिया था। अब महासचिव, उपाध्यक्ष, सचिव व लाइब्रेरी प्रभारी के लिए वोटिंग करवाई जा रही है।

जिला बार एसोसिएशन तरफ से 3536 वोटरों की लिस्ट बार काउंसिल को भेजी गई थी, जिसके बाद आरओ एडवोकेट प्रदीप मलिक की तरफ से छंटनी करके 1217 के नाम हटाए गए थे। इसी को लेकर वकीलों ने आपत्ति दर्ज करवाई थी और कोर्ट का सहारा लिया था। अब लिस्ट में उन लोगों के नाम जोड़े गए है, जो सही थे। इसलिए कुल 2729 वोटरों को वोट डालने का अधिकार दिया गया है।

बार एसोसिएशन में महासचिव पद के लिए हर्ष वर्धन, राज करण पंघाल, करण सिंह नारंग, उपाध्यक्ष के लिए सुशीला देशवाल, अजय ओहल्याण, अभिजीत चौधरी, सचिव पद के लिए साक्षी लांबा, डिंपल के बीच मुकाबला है। वहीं लाइब्रेरी प्रभारी के लिए अनिल, मंजीत सिंह, अशोक के बीच मुकाबला है।

बार एसोसिएशन का चुनाव करवाने के लिए 15 ईवीएम मशीन लगाई गई है, जबकि 5 मशीन रिजर्व रखी है। प्रशासन की तरफ से 3 फिंगर प्रिंट मशीन लगाई गई है, जिसमें फिंगर स्कैन होने के बाद ही व्यक्ति वोट डाल सकता है। फर्जी वोट डालने पर रोक लगाई गई है। वहीं, जिन लोगों के वोट रद्द किए गए हैं, उन्हें वोट डालने का अधिकार नहीं है।

आरओ प्रदीप मलिक ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से करवाया जा रहा है। चुनाव में पूरी पारदर्शिता बरती गई है। बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई है ताकि अंदर की पूरी प्रक्रिया को बाहर देखा जा सके। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन का कड़ा पहरा रहा। बिना चैकिंग के किसी को अंदर जाने नहीं दिया गया। यहां तक कि फोन भी बाहर रखवाए गए हैं। 5 बजे तक वोटिंग होगी, उसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

Exit mobile version