हरियाणा के रोहतक में गुरुवार को साइबर सेल के ASI संदीप लाठर पंचतत्व में विलीन हो गए। पैतृक गांव जींद के जुलाना में स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे रिहान ने मुखाग्नि दी।
अंतिम संस्कार में डिप्टी स्पीकर सहित हरियाणा सरकार के 4 मंत्री और कार्यवाहक DGP पहुंचे। इनके अलावा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, अजय चौटाला समेत विपक्ष के कई बड़े नेता भी पहुंचे।
जुलाना की विधायक विनेश फोगाट ने घर पहुंच कर परिवार से मुलाकात की।
इससे पहले पोस्टमॉर्टम के बीच केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर पहुंचे थे। उन्होंने ASI के परिजन से बात की। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि ASI की पत्नी को सरकारी नौकरी मिलेगी और उनके बच्चों की पढ़ाई का खर्च सरकार उठाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस बारे में वह सीएम नायब सैनी से करेंगे।
ASI के परिजन दिवंगत IPS पूरन कुमार की पत्नी और अन्य पर FIR करने की मांग कर रहे थे। इसके चलते पोस्टमॉर्टम में देरी हुई। हालांकि, पुलिस ने IPS की पत्नी IAS अमनीत कुमार समेत 3 लोगों पर FIR दर्ज कर दी थी। इसके बाद परिजन बुधवार देर रात पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हो गए। इसके बाद लाश को देर रात मामा के गांव लाढ़ौत से PGI मॉर्चरी में शिफ्ट कर दिया गया था।
