ड्यूटी मजिस्ट्रेट डीएमसी हरदीप सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को लाढ़ौत रोड पर अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। अधिकारियों का आरोप है कि कार्रवाई में बाधा डालते हुए उनके साथ गाली गलौज की गई और आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।ड्यूटी पर साथ गई पुलिस फोर्स ने भी निगम की टीम का बचाव नहीं किया। कुछ ही देर में सदर थाना प्रभारी अतिरिक्त पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने विरोध कर रहे व्यक्ति(सुमित मकड़ौली) को हिरासत में ले लिया। इस दौरान यदि पुलिस नहीं पहुंचती तो स्थिति को संभालना मुश्किल हो जाता।हालांकि शाम तक थाने से सुमित को छोड़ दिया गया।
सुबह 10 बजे एटीपी जितेंद्र नेहरा, भवन निरीक्षक राजीव विज व शनि और 50 पुलिसकर्मियों के साथ नगर निगम की टीम लाढ़ौत रोड पहुंची। उनके मुताबिक जहां पर खेत की चारदीवारी कर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही है। पहले से चिह्नित एरिया में अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी से तोड़फोड़ शुरू की गई। तभी जमीन को दादा लाई की बताते हुए सुमित मकड़ौली ने विरोध करना शुरू कर दिया। बहस के साथ ही थोड़ी देर में गाली गलौज शुरू हो गई। मामला जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया।
सुमित मकड़ौली के एसएचओ द्वारा थाने लाए जाने के बाद एक बारगी निगम टीम कार्यालय लौट आई। बाद में अधिकारियों ने निगम की सीमा में अवैध ढंग से 25 एकड़ में अलग अलग स्थानों पर काटी जा रही कॉलोनियों में पहुंचकर निर्माण ढहाया। निगम की टीम ने 10 अलग अलग जगहों पर हो रहे अवैध निर्माण को ठहाया। उपरोक्त मामलों में बिना भू-परिवर्तन करवाए अवैध निर्माण कार्य किए जा रहे थे। इस बाबत निगम कमिश्नर संबंधित थानाें में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश पहले ही दे चुके हैं।
लाढ़ौत रोड पर गाली गलौज व जान से मारने की धमकी मामले में नगर निगम कमिश्नर से अनुमति लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घटना के दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिस द्वारा असहयोग किए जाने को लेकर पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत देंगे।

