Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक ACB की टीम ने पंचायत विभाग के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट को हिरासत मे लिया, चंडीगढ़ में तैनाती के दौरान क्लर्क से प्रमोशन दिलाने के लिए 1.40 लाख

पानीपत में पंचायत विभाग के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट जोगेंद्र दास को रोहतक एसीबी टीम ने सोमवार को पानीपत से हिरासत में लिया। उस पर आरोप है कि उसने अकाउंट क्लर्क बिजेंद्र कुमार से प्रमोशन दिलाने के नाम पर 1.40 लाख रुपए लिए। यह रकम वर्ष 2024 में ली गई थी, जब जोगेंद्र दास चंडीगढ़ में तैनात था। रुपए लेने के बाद भी प्रमोशन नहीं किया गया। मामले की एक ऑडियो भी सामने आई है। जिसमें जोगेंद्र दास, क्लर्क बिजेंद्र से 50 हजार रुपए गूगल पे नंबर पर भेजने के लिए कह रहा है।

दरअसल, बिजेंद्र कुमार रोहतक फील्ड कार्यालय में अकाउंट क्लर्क है। उसने विभागीय मुख्यालय और रोहतक एसीबी को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया कि जोगेंद्र दास अब पानीपत में तैनात है और दोबारा प्रमोशन के नाम पर रुपए मांग रहा है।

शिकायत के साथ रुपए के लेन-देन की रिकॉर्डिंग भी दी गई थी। एसीबी ने रिकॉर्डिंग और शिकायत के आधार पर कार्रवाई की। रोहतक एसीबी के डीएसपी रोहताश ढुल ने बताया कि जोगेंद्र दास से पूछताछ की जा रही है।

विकास एवं पंचायत विभाग के तत्कालीन अधीक्षक प्रशासन नरेश कुमार ने बताया कि 2024 में एक महिला के साथ जोगेंद्र दास की बिजेंद्र से रुपए लेने की ऑडियो वायरल हुई थी। उसने यह ऑडियो उच्च अधिकारियों को भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद नरेश कुमार को ही सस्पेंड कर दिया गया था।

Exit mobile version