रोहतक। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा हुतात्मा दिवस के अवसर पर रोहतक के पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय महाविद्यालय में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संयोजन बजरंग दल के जिला संयोजक रवि मिश्रा ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान कर समाजसेवा का संदेश दिया तथा देश और धर्म के लिए बलिदान देने वाले रामभक्तों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर बजरंग दल के जिला संयोजक रवि मिश्रा ने कहा कि वर्ष 1990 में अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार के समय हुई गोलीबारी में अनेक रामभक्तों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उन बलिदानी कारसेवकों की स्मृति को जीवंत रखने और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से बजरंग दल प्रतिवर्ष हुतात्मा दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन करता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान सेवा है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में योगदान दिया जा सकता है। युवाओं की बड़ी भागीदारी बलिदानियों के प्रति सम्मान और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को दर्शाती है।
विश्व हिंदू परिषद, रोहतक के जिला मंत्री केशव भारद्वाज ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए, ताकि दुर्घटना या किसी गंभीर बीमारी के समय जरूरतमंद लोगों को रक्त उपलब्ध हो सके और रक्त की कमी के कारण किसी की जान न जाए। उन्होंने कहा कि देश, धर्म और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले बलिदानी कार्यकर्ताओं को सदैव याद रखना चाहिए। उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाजहित और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।आज के इस रक्तदान शिविर में बजरंग दल रोहतक द्वारा 35 यूनिट रक्त इकट्ठा किया गया
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें और मानवता की सेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
शिविर के दौरान विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर जिला सह मंत्री रुपेश, सुंदर ओहल्याण, अमित, कमल मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रक्तदान के माध्यम से हुतात्माओं को नमन करने की इस पहल ने समाजसेवा, मानवता और बलिदानियों के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
