Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भिवानी में लिफ्ट के बहाने युवक से लूट:एक बदमाश गिरफ्तार; खेतों में ले जाकर की पीटा, सोने की चेन-मोबाइल छीना

भिवानी जिले में रोहतक के एक युवक से मारपीट कर लूट करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक पीड़ित को लिफ्ट देने के बहाने खेतों में ले गए। जहां उन्होंने उसके साथ मारपीट कर उसकी सोने की चेन, मोबाइल और पैसे लूट लिए। पीड़ित आरोपियों से बचकर भाग निकला और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हो गया।

उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रोहतक के महम के गुरंद्र पाना निवासी 23 वर्षीय रोहित ने सदर थाना भिवानी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

जिसमें उसने बताया कि 14 अप्रैल को वह अपने दोस्त हंसावास खुर्द गांव निवासी मनजीत की बहन की शादी में गया था। 15 अप्रैल को वह भिवानी पहुंचकर वह महम जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। तभी वह गोशाला के पास खड़ा था और इसी दौरान बाइक पर दो युवक आए। उसने उन्हें रुकने का इशारा किया और पूछा कि कहां जा रहे हो। इस पर उन्होंने कहा कि वह महम जा रहा है। इसके बाद वह बाइक पर बैठ गया।

गांव कालूवास के पास रेलवे लाइन पर बने पुल को पार करने के बाद दोनों युवकों ने बाइक खेतों की तरफ मोड़ दी। उन्होंने उसे कई बार बाइक रोकने के लिए कहा, लेकिन उसने नहीं रोकी। इसके बाद दोनों उसे खेतों में बनी झोपड़ी में ले गए। जहां उन्होंने रोहित की पिटाई शुरू कर दी। विरोध करने पर युवकों में से एक ने अपने दोस्तों को बुला लिया और 10-15 मिनट में बाइक पर 3 अन्य युवक आ गए।

रोहित ने आरोप लगाया कि पांचों लोगों ने उसे डंडों और लात-घूंसों से पीटा। करीब एक घंटे तक मारपीट करने के बाद उन्होंने जबरन उसके गले से सोने की चेन, मोबाइल फोन और बैग से रुपए छीन लिए। पीड़ित बड़ी मुश्किल से वहां से भागकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा। उधर, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम जांच में जुट गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 16 अप्रैल को मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

सदर थाना पुलिस ने इस मामले एक आरोपी को किया गिरफ्तार किया है। पुलिस चौकी गुजारनी मोड़ के इंचार्ज उप निरीक्षक सज्जन सिंह ने इस केस में एक आरोपी को गांव नाथुवास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गांव नाथुवास निवासी अजय के रूप में हुई है।

आरोपी अजय पर पहले भी जिला भिवानी में चोरी के केस दर्ज हैं। वहीं आरोपी मार्च महीने में ही जिला जेल भिवानी से जमानत पर बाहर आया था। आरोपी को न्यायालय में पेश करके जिला कारागार भेज दिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं।

Exit mobile version