Panipat: पानीपत में देवी मंदिर के साथ कुंए वाली गली में रविवार को दो बदमाशों द्वारा एक युवक से पिस्तौल व चाकू के बल पर बाइक लूटने का मामला सामना आया है । मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक बाजार से छोले-भटूरे लेकर वापस घर जा रहा था। रास्ते में उसके साथ वारदात हो गई। दोनों बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।

मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ लूट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज करके मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की सीआईए यूनिट ने भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

तहसील कैंप थाना पुलिस को दी शिकायत में आकाश ने बताया कि वह देसराज कॉलोनी का रहने वाला है। वह कोरियर कंपनी में काम करता है। 5 जून को रविवार होने की वजह उसकी छुट्‌टी थी। घर पर छोले-भटूरे खाने का प्लान बना। इसलिए वह छोले-भटूरे लेने के लिए बाजार गया था। वापसी में जब वह देवी मंदिर के पास कुएं वाली गली में पहुंचा तो रास्ते में नाले के पास गली के मोड़ पर दो युवक पहले से ही खड़े थे।

गली काफी तंग होने की वजह से वहां पर बाइक की गति धीमी थी। वह धीरे-धीरे गली में आगे की ओर बढ़ रहा था कि इसी दौरान एक युवक ने पीछे से उसका कॉलर पकड़ लिया और गर्दन पर चाकू तान दिया। तभी दूसरा युवक भी आ धमका, जिसने पेट में साइड में पिस्तौल अड़ा दी और बाइक की चाबी निकाल ली। इसके बाद उन्होंने धमकाते हुए कहा कि बाइक छोड़ दे। उनकी धमकी से डर से आकाश बाइक से नीचे उतर गया।

दोनों बदमाश बाइक पर सवार हुए और वहां से करीब 50 मीटर आगे पहुंचे, जहां उन्होंने अपने मुंह पर कपड़ा लपेटा और बाइक लेकर फरार हो गए। वहीं गली में एक फैक्टरी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश बाइक पर फरार होते हुए कैद हो गए।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!