रोहतक में एक युवक के साथ बीच सड़क पर बाइक सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट की और रुपए छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना आईएमटी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
गांव खरावड़ निवासी दीपक ने बताया कि, सुबह वह घर से दो लाख 66 हजार रुपए लेकर बैंक में जमा करवाने के लिए गया था। गांव खरावड़ स्थित बैंक की शाखा में उसने एक लाख रुपए जमा करवा दिए और बाकी रुपए लेकर वह गांव से रोहतक किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने उसके साथ लूट को अंजाम दिया।
पीड़ित दीपक ने बताया कि जब वह रोहतक जा रहा था तो दो बाइकों पर 3 युवक आए और उसका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने उसके ऊपर लाठी डंडों से वॉर किया और उसके पास से एक लाख 66 हजार रुपए छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।
दीपक ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने हमले के दौरान उसके ऊपर गोली चलाने का प्रयास भी किया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद दीपक को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल की शिकायत पर केस दर्ज किया।
थाना आईएमटी के एसएचओ मुकेश कुमार ने बताया कि उन्हें एक युवक के साथ लूट की सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दीपक की शिकायत पर बाइक सवार 3 बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस मामले में बदमाशों की तलाश कर रही है।

