रोहतक वासियों को रोडवेज की दो सुविधाएं मिलने जा रही हैं। जिसके तहत रोहतक से वैष्णो देवी कटरा तक के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू की गई है। वहीं दूसरी ओर चंडीगढ़ जाने वाली बसें अब 152D से होकर सफर करेंगे। जिससे यात्रियों को समय भी कम लगेगा।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हरियाणा राज्य परिवहन के रोहतक डिपो द्वारा 9 दिसंबर से वैष्णो देवी कटरा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बस सेवा आरंभ की जाएगी। यह बस रोहतक से दोपहर बाद साढ़े 3 बजे कटरा के लिए रवाना होगी। वहीं कटरा से रोहतक के लिए सांय साढ़े 4 बजे रवाना होगी।
रोहतक से कटरा बस सेवा का एक तरफ का किराया 800 रुपए होगा। डिपो द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत यह बस सेवा शुरू की जा रही है। रोहतक से कटरा बस सेवा शुरू होने से वैष्णो देवी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को अब रोहतक से ही सीधी बस सेवा की सुविधा मिल पाएगी।
हरियाणा राज्य परिवहन के स्थानीय डिपो द्वारा 6 दिसंबर से राष्ट्रीय राजमार्ग 152डी होते हुए रोहतक से चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी। इस बस सेवा के शुरू होने से यात्री कम समय में चंडीगढ़ पहुंच सकेंगे। यह बस रोहतक से सुबह 5 बजकर 5 मिनट तथा 7 बजकर 10 मिनट पर चंड़ीगढ के लिए रवाना होगी।
वहीं चंडीगढ़ से बस दोपहर बाद 3 बजकर 20 मिनट एवं 5 बजकर 30 मिनट पर रोहतक के लिए रवाना होगी। रोहतक से यह बस लाखनमाजरा होते हुए किला जफरगढ़ से राष्ट्रीय राजमार्ग 152डी से होते हुए इस्माइलाबाद, अंबाला शहर, डेराबसी, जिरकपुर होकर चंड़ीगढ़ पहुंचेगी। रोहतक-चंडीगढ़ बस सेवा का किराया लगभग 280 रुपए होगा।
