रोहतक में रोडवेज कर्मचारियों ने निर्णय लिया कि सरकार को मांगों के प्रति सचेत करने के लिए बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जिसके तहत 14 फरवरी को 6 घंटे तक प्रदेश के सभी डिपो पर कर्मचारी धरना प्रदर्शन करेंगे। साथ ही अपनी मांगों को मनवाने के लिए भी सरकार को चेताएंगे।
रोहतक बस स्टैंड पर रोहतक डिपो सांझा मोर्चा की मीटिंग जितेंद्र लाकड़ा की अध्यक्षता में हुई। 14 फरवरी मंगलवार को हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा द्वारा दिए गए मांग पत्र को लागू करवाने के लिए तानाशाह सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। जिसके तहत सुबह 10 बजे से सायं 4 बजे तक प्रदेश के सभी डिपो में धरना दिया जाएगा।
कर्मचारियों की छुटि्टयां पहले की तरह हों लागू
जिसमें रोहतक ही नहीं, हरियाणा प्रदेश के कर्मचारी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले लंबे अरसे से रोडवेज कर्मचारियों की लंबित मांगे पड़ी है। मांगों को लागू करवाने के लिए सभी डिपो में धरना देने का निर्णय लिया गया है। जिसमें मुख्य मांग परिचालक व लिपिका का पे ग्रेड बढ़ाना, कर्मचारियों की काटी गई छुट्टियों को पहले की तरह लागू करना है।
10 हजार बसें रोडवेज बेड़े में हों शामिल
साथ ही हरियाणा रोडवेज के बेड़े में 10 हजार बसें शामिल करना व रोडवेज विभाग में स्थायी रोजगार पर भर्ती करना मुख्य मांगों में शामिल किया गया है। बैठक में सांझा मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य महासचिव जगदीप लाठर, हिम्मत राणा, जोगेंद्र ढूल, सुमेश कुंडू, राजेश पंघाल, अशोक हुड्डा, कुलदीप भदानी आदि मौजूद रहे।

