Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सिरसा से अमृतसर-कटरा जाने वाली रोडवेज बसें बंद:भारत-पाक तनाव के चलते फैसला, आपातकाल में बसें एम्बुलेंस में होंगी तब्दील

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। इसके चलते हरियाणा से जुड़े पंजाब और राजस्थान बॉर्डर में अलर्ट है। इसे देखते हुए सिरसा के रोडवेज प्रशासन ने भी सख्त फैसला लिया है। इसके तहत सिरसा से अमृतसर-कटरा जाने वाली बस सर्विस बंद कर दी गई है। इन रूटों पर दो-दो व तीन-तीन बसें चलती है, जिनका संचालन बंद कर दिया है।

इस समय पंजाब के बाकी रूटों की बसें अभी बंद नहीं की गई है। हालांकि, शाम तक बसें बंद होने की संभावना है। रोडवेज प्रशासन के अनुसार पंजाब में कई जिलों में संवेदनशील स्थिति बनी हुई है। कई जगह पर रास्तों पर भी लगातार चेकिंग की जा रही है और पुलिस फोर्स ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसे देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने सावधानी के तौर पर यह फैसला लिया है।

इसके अलावा चंडीगढ़, राजस्थान में जाने वाली बस सर्विस पर शाम तक फैसला लिया जाना है। इन रूटों की बसें भी बंद हो सकती है। वहीं सिरसा जिला पंजाब और राजस्थान दोनों राज्यों से टच में हैं। इसलिए यह फैसला लिया गया है।

रोडवेज प्रशासन आपातकालीन स्थिति को देखते हुए तैयारियों में जुटा है। वहीं रोडवेज बसें एम्बुलेंस में भी बदली जा सकेंगी। इसको लेकर बसों में तैयारी की जा रही है और सीटें हटा दी जाएंगी। इसके चलते वर्कशॉप में भी कर्मियों को आदेश जारी किए जाएंगे, ताकि कुछ बसों को अतिरिक्त में रखें।

रोडवेज प्रशासन ने सभी ड्राइवर और कंडक्टर को आदेश जारी किए हैं कि अगर सायरन बजने की आवाज सुनाई दे तो तुरंत बस को वहीं पर साइड में रोक लें। किसी तरह का पैनिक न फैलाए और यात्रियों को मोटिवेट करते रहें। अगर ब्लैकआउट हो तो तुरंत बस को साइड में रोककर उसकी लाइटें बंद कर दें।

Exit mobile version