Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सड़क हादसा :NH-44 पर गाड़ी का टायर हुआ पंक्चर, ठीक करते वक्त कार ने मारी टक्कर, युवक की मौत

पानीपत में सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। हादसा गांव समालखा में NH-44 पर हुआ। यहां गाड़ी का टायर पंक्चर होने के बाद उसे ठीक कर रहे युवक को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई।

वहीं, आरोपी मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में प्रेम शंकर ने बताया कि वह जिला आगरा, यूपी का रहने वाला है। 16 अक्टूबर को वह अपने भाई देवेंद्र सिंह के साथ दिल्ली से करनाल जा रहा था। रास्ते में पानीपत के झट्टीपुर मोड़ के पास उसकी कार का टायर पंक्चर हो गया।

दोपहर करीब 12:30 बजे वे गाड़ी साइड में लगाकर उसे ठीक करने लगे। इसी बीच उन्होंने एक अपने जानकार नजदीकी गांव करहसं से बलराम को मदद के लिए बुला लिया। उसके आने के बाद देवेंद्र कार की डिग्गी से टायर निकालने लगा।

इसी समय दिल्ली की तरफ से एक कार चालक अपनी कार को तेज रफ्तार, गफलत व लापरवाही से चलाता हुआ आया। देखते ही देखते उसने कार को साइड में खड़े भाई देवेंद्र को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद देवेंद्र नीचे जमीन पर गिर गया।

उसे गंभीर चोट लगी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी चालक मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया। देवेंद्र को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Exit mobile version