Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

Road Accident :सड़क पर खड़े ट्रक से टकराई बाइक, नाबालिग सहित 3 दोस्तों की हुई दर्दनाक मौत

करनाल में खड़े ट्राले से एक बाइक जा टकराई। हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। जबकि दो गंभीर घायल हो गए। सभी युवक गीता जयंती समारोह से वापस घर लौट रहे थे। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गांव मुबारकाबाद निवासी सचिन, निशांत, संदीप, अंकित, गौरव और मनीष सोमवार को दो बाइकों पर सवार होकर कुरुक्षेत्र में गीता जयंती समारोह में गए हुए थे। सोमवार रात करीब 11 बजे जब वह वापस घर आ रहे थे तो रास्ते में एक बाइक का तेल खत्म हो गया। मनीष अपनी बाइक को लेकर तेल डलवाने के लिए निकल गया। जबकि अन्य पांचों युवक 1 ही बाइक पर सवार होकर घर की तरफ निकल गए।

पांचों बाइक सवार युवक जब अपने गांव मुबारकाबाद की तरफ आ रहे थे तो गुडरीच कंपनी के सामने सड़क पर एक खराब ट्राला खड़ा हुआ था। इस दौरान सामने से आ रही गाड़ी की लाइट बाइक चला रहे युवक की आंखों में पड़ी, जिससे वह बाइक पर से संतुलन खो बैठा और बाइक सीधी ट्राले के नीचे घुस गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि पांचों युवक सचिन, निशांत, संदीप, अंकित और गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

रात को जब पांचों युवकों को अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया तो डॉक्टरों ने सचिन, निशांत और संदीप को मृत घोषित कर दिया। जबकि अंकित और गौरव की हालत अभी गंभीर बनी हुई। जिनका इलाज करनाल के अस्पताल में ही चल रहा है।

एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। इस हादसे ने तीन परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक संदीप की तो अभी कुछ माह पहले ही शादी हुई थी। परिवार में खुशियां थी, लेकिन ये खुशियां अब मातम में बदल गईं।

मधुबन थाना के SHO तरसेम कंबोज ने बताया कि रात करीब 11 बजे यह हादसा हुआ था। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। जबकि दो की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए जाएंगे। पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version