रोहतक में हरियाणा पुलिस के ASI (सहायक उपनिरीक्षक) की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब हांसी में तैनात ASI कार में सवार होकर वापस घर लौट रहा था। इस बीच गांव बसाना के नजदीक नहर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी जान चली गई।
कलानौर के वार्ड नंबर 14 निवासी गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता राजबीर सिंह हरियाणा पुलिस में बतौर ASI के पद पर तैनात थे। फिलहाल राजबीर सिंह की ड्यूटी हांसी में लगी हुई थी। राजबीर सिंह ड्यूटी समाप्त करके अपनी कार में सवार होकर हांसी से अपने घर वापस लौट रहे थे।
जब वह गांव बसाना के नजदीक नहर के पास पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन से उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। जिसमें कार क्षतिग्रस्त हो गई और ASI राजबीर सिंह को गंभीर चोटें आई। इस घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना पाकर डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल को संभाला।
घायल को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने राजबीर सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। रोहतक PGI में पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी श्रद्धानंद ने बताया कि मृतक राजबीर सिंह के बेटे गौरव के बयान दर्ज किए हैं। बयानों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। ताकि अज्ञात वाहन की तलाश की जा सके।

