Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रेवाड़ी के SP और उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव: दोनों को सरकारी आवास में किया गया क्वारैंटाइन

रेवाड़ी के SP राजेश कुमार और उनकी पत्नी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आने के बाद दोनों को सरकारी आवास में ही क्वारैंटाइन कर दिया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की एक टीम दोनों के स्वास्थ्य पर नजर रख रही है। हालांकि अभी दोनों में किसी में भी ओमिक्रॉन वैरिएंट होने की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन एसपी के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद नारनौल के एसपी चन्द्रमोहन को रेवाड़ी का एडिशनल चार्ज सौंप दिया गया है।

बता दें कि पिछले कुछ दिनों से रेवाड़ी एसपी राजेश कुमार को गले में खराश की प्रॉब्लम थी, जिसके चलते उन्होंने खुद के साथ-साथ पत्नी का भी कोरोना टेस्ट कराया था। सोमवार शाम को दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों की तबियत फिलहाल ठीक है। एसपी और उनकी पत्नी को सरकारी आवास में ही क्वारैंटाइन किया गया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने एसपी राजेश कुमार के संपर्क में आए उनके स्टाफ की भी सैंपलिंग की तैयारी की है।

नए साल की शुरुआत के साथ ही रेवाड़ी में कोरोना संक्रमण का खतरा भी बढ़ा हुआ है। पिछले 5 माह की बात करें तो एक दिन में सबसे ज्यादा 10 पॉजिटिव केस सोमवार को मिले। फिलहाल रेवाड़ी में 20 पॉजिटिव केस हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक पॉजिटिव मिले, लेकिन किसी भी व्यक्ति में ओमिक्रॉन की पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही पॉजिटिव मिले सभी लोग होम आइसोलेट किए गए हैं, जिनकी निगरानी स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लगातार की जा रही है।

आंकड़ों के मुताबिक, अभी तक जिले में कुल 20 हजार 290 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें 20 हजार 12 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। साथ ही 258 लोगों की कोरोना के कारण मौत भी हो चुकी है। जिले का पॉजिटिव रेट 3.81 है। वहीं चिंता की बात यह है कि पॉजिटिव केस लगातार बढ़ रहे हैं। उसके बावजूद सैंपलिंग की रफ्तार नहीं बढ़ पा रही है। एक सप्ताह पहले भी 1500 सैंपल प्रतिदिन लिए जा रहे थे। आज भी सैंपलिंग की रफ्तार यही है। सोमवार को कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के अलावा 1586 सैंपल लिए गए थे।

Exit mobile version