Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रेवाड़ी बना हरियाणा का दूसरा सबसे बड़ा करदाता जिला…3271 करोड़ के टैक्स कलेक्शन ने बनाया रिकॉर्ड

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को रेवाड़ी के लघु सचिवालय सभागार में विशेष बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद चेयरमैन मनोज यादव और नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनका स्वागत जिला उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त प्रीति चौधरी ने किया। बैठक में टैक्स बार एसोसिएशन और सीए एसोसिएशन के सदस्य भी मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त प्रीति चौधरी ने बताया कि 3271 करोड़ रुपए के जीएसटी संग्रह के साथ रेवाड़ी जिला गुरुग्राम के बाद हरियाणा का दूसरा सबसे बड़ा करदाता जिला बन गया है। उन्होंने कहा कि बावल आईएमटी आज उत्तर भारत के प्रमुख ऑटो हब के रूप में उभर चुका है, जिसका सीधा लाभ जिले की अर्थव्यवस्था और राजस्व संग्रह को मिला है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सितंबर 2025 में लागू जीएसटी दर युक्तिकरण से आम जनता और व्यापारियों को राहत मिली है, जिससे कर व्यवस्था और अधिक सरल व प्रभावी बनी है।

जिला परिषद चेयरमैन मनोज यादव ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि यह केवल एक सरकार का कार्यकाल नहीं, बल्कि भारत के विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक पहचान की नई यात्रा का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने अनेक क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल ने कहा कि यह अवसर केवल उपलब्धियों का जश्न मनाने का नहीं, बल्कि उन संकल्पों और प्रयासों को याद करने का भी है, जिन्होंने भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि “12 वर्ष, एक संकल्प-जन कल्याण” केवल एक नारा नहीं, बल्कि पिछले 12 वर्षों की विकास यात्रा का सार है।

कार्यक्रम में टैक्स बार एसोसिएशन के प्रधान नरेश अग्रवाल, सचिव अजय आर्यन, सीए एसोसिएशन से अशोक कुमार, पवन कुमार, ईटीओ परमजीत यादव, नीरज गर्ग, सहायक यशबीर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version