हरियाणा के रोहतक के मगन सुहाग सुसाइड केस में आरोपी पत्नी दिव्या के महाराष्ट्र पुलिस के कॉन्स्टेबल बॉयफ्रेंड दीपक को भी पुलिस ने जांच में शामिल कर लिया है। रोहतक पुलिस ने उससे फोन पर बात की है। इसमें दीपक ने पूरे केस से पल्ला झाड़ते हुए पूरा ठीकरा दिव्या पर ही फोड़ दिया है।
रोहतक पुलिस के मुताबिक, दीपक ने फोन पर कहा है कि दिव्या बार गर्ल है, जिसे रुपए देकर वह होटल में बुलाता था। इससे ज्यादा उसका दिव्या के साथ कोई संबंध नहीं है। मगन के सुसाइड केस से भी उसका कोई ताल्लुक नहीं है।
बता दें कि गांव डोभ निवासी मगन सुहाग ने 18 जून 2025 को वीडियो बनाकर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वीडियो में उसने अपनी पत्नी दिव्या और उसके कॉन्स्टेबल बॉयफ्रेंड दीपक पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो सामने आने के बाद ही परिजनों की शिकायत पर थाना बहू अकबरपुर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर सुनारिया जेल भेज दिया था, जबकि दीपक की रोहतक कोर्ट से जमानत अर्जी खारिज कर दी थी। अब उसने हाईकोर्ट में जमानत याचिका लगाई हुई है। रोहतक पुलिस का कहना है कि दीपक के बयान दर्ज कर लिए गए है। पुलिस की ओर से अब 4 सितंबर को हाईकोर्ट में जवाब दाखिल किया जाएगा।
थाना बहु अकबरपुर के जांच अधिकारी ASI संजय कुमार के मुताबिक, मगन सुहाग सुसाइड केस में आरोपी दीपक की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट ने रोक लगा रखी है, लेकिन उसे जांच में शामिल करने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए। उसने अपने बयान में कहा है कि दिव्या एक बार गर्ल है, जिसे वह पैसे देकर होटल में बुलाता था। उसका दिव्या से कोई संबंध नहीं है।
जांच अधिकारी के मुताबिक, दीपक ने आगे बयान दिया कि दिव्या उसके ठिकाने से करीब 450 किलोमीटर दूर रहती थी। जिस दिन दिव्या को बुलाना होता था, उस दिन फोन करके बुला लेता था। वह एक कॉल पर आ जाती थी। इससे ज्यादा दिव्या के साथ उसका कोई संबंध नहीं है।
अधिकारी ने आगे बताया कि दीपक के मामले में 4 सितंबर को हाईकोर्ट में सुनवाई है, जिसमें दीपक के बयान के आधार पर जवाब तैयार करवाया जा रहा है, जिसे कोर्ट में पेश किया जाएगा
