Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में चाकू से हमला करने पर खुलासा:भाई बोला- 4 महीने पहले हुए झगड़े की रंजिश में वारदात, नाबालिग की हालत नाजुक

करनाल की शिव कॉलोनी में चाकुओं से हमला करने के मामले में घायल दोनों युवकों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। नाबालिग का इलाज रोहतक PGI में चल रहा है। शनिवार को नाबालिग के 2 ऑपरेशन हुए, लेकिन उसके बाद भी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं हमले की एक दिन बाद परिजनों ने इस वारदात को पुरानी रंजिश का मामला बताया है।

घायल साहिल के भाई शिवम नें बताया की करीब 4 माह पहले शिव कॉलोनी में एक गाड़ी पर गंडासियों से हमला हुआ था। जिसमें उसके भाई का भी नाम सामने आया था। इस रंजिश के चलते आरोपियों ने पूरा प्लान तैयार कर इस वारदात को अंजाम दिया। शिवम का आरोप है आरोपियों ने पहले शिव कॉलोनी के स्कूल में पढ़ने वाले उसके दोनों छोटे भाइयों को पीटा। उसके बाद साहिल तक आरोपियों ने सूचना पहुंचाई।

शिवम ने बताया कि जैसे ही उसके भाई साहिल को उसके भाइयों के पीटने की सूचना मिली तो वह भागते हुए स्कूल पहुंचा। इस दौरान इसी स्कूल में पढ़ने वाला नाबालिग छात्र दीनानाथ उसके साथ था। जैसे ही दीनानाथ और साहिल बीच बचाव करने लगे तो 6 से 8 आरोपियों ने दोनों को घेर लिया और उन पर चाकुओं से हमला कर दिया।

शिवम ने आरोप लगाया कि शनिवार को जैसे ही उसके भाइयों के साथ बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। उसके बाद आरोपियों ने अपने फेसबुक पर बदमाशी का गाना लगाकर अपने ग्रुप की फोटो को लगाया। जिसके बारे में उन्होंने पुलिस को अवगत करवा दिया। लेकिन पुलिस द्वारा अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया।

जानकारी के अनुसार बदमाशों ने पहले साहिल को पेट में चाकू घोंपा और बाद में जान से मारने की नीयत से दीनानाथ के पेट व छाती पर दो जगह वार किया। दोनों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

रामनगर थाना के पुलिस जांच अधिकारी पवन ने बताया कि पुलिस इस मामले में हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Exit mobile version