Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में खुलासा: दिल्ली क्राइम ब्रांच ने होटल मालिक समेत 2 युवकों को पकड़ा; हत्यारों को पनाह दे हथियार ठिकाने लगाए

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में दिल्ली पुलिस ने हरियाणा के फतेहाबाद में छापा मारी कर होटल मालिक समेत 2 युवकों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि मूसेवाला की हत्या के बार शूटर इनके होटल में रुके थे। हत्या में प्रयुक्त हथियारों को भी इनके हवाले किया गया था। फतेहाबाद एसपी ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने उनको किसी प्रकार की जानकारी साझा नहीं की है।

बताया गया है कि सिद्धू मूसेवाला के शूटरों की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच ने हिसार के गांव किरमारा से दो युवकों को हिरासत में लिया था। इनके पास से ही वारदात में प्रयुक्त हथियार और हैंड ग्रेनेड आदि बरामद किए गए थे। इन युवकों से मिले इनपुट के आधार पर दिल्ली पुलिस ने फतेहाबाद में छापा मार कर दो युवकों प्रदीप और पवन को हिरासत में लिया है। इन पर हत्यारों को पनाह देने का आरोप है।

मिली जानकारी के मुताबिक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल दो गैंगस्टर वारदात के बाद भट्टू रोड पर स्थित होटल में रुके थे। यह होटल प्रदीप का बताया जा रहा है। सामने आया है कि गैंगस्टर ने मूसेवाला की हत्या में प्रयुक्त हथियारों वाले बैग को प्रदीप सौंपा था। बाद में ये हथियार हिसार के गांव किरमारा से बरामद हुए।

जानकारी मिली है कि किरमारा से पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों युवकों का प्रदीप के साथ कार खरीदने-बेचने का काम था। ऐसे में उनके साथ दोस्ती थी। प्रदीप ही हथियारों वाला बैग किरमारा में छोड़कर आया था। दिल्ली पुलिस ने अब प्रदीप और उसके एक दोस्त पवन को हिरासत में लिया है। फतेहाबाद एसपी सुरेंद्र सिंह भोरिया ने बताया कि उनके पास फतेहाबाद से दिल्ली द्वारा किसी की गिरफ्तारी की कोई सूचना नहीं है। दिल्ली पुलिस ने किसी थाना में अपने आगमन के बारे में सूचित नहीं किया था।

Exit mobile version