Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर ने खुद को मारी गोली: फोन कर अधिकारी को गुड बाय बोला, रोहतक PGI में भर्ती

जींद में आज शुक्रवार को पुलिस से रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर ने खुद को गोली मार ली। मिली जानकारी के अनुसार रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर ने पहले अधिकारी को फोन करके गुड बाय कहा। इसके बाद जब पुलिस ने रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के घर का गेट खोला तो गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पुलिस अंदर गई तो रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर खून से लथपथ पड़े थे।

घायल सब इंस्पेक्टर को सफीदों के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर की पहचान धर्म सिंह के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सब इंस्पेक्टर धर्म सिंह ने खुद को गोली मारने से पहले एक उच्च अधिकारी को फोन किया। सब इंस्पेक्टर धर्म सिंह ने फोन पर अधिकारी को गुड बाय बोला। इसके बाद सफीदों सिटी थाने की पुलिस पार्षद नवीन भाटिया से जानकारी लेने के बाद सीता श्याम कॉलोनी स्थित उनके घर पहुंची। पुलिस अभी गेट खोल ही रही थी कि घर से 2 गोलियों की आवाज सुनाई दी। धर्म सिंह की गर्दन में गोली लगी थी। घटनास्थल का निरीक्षण किया है। फिलहाल जींद से सीन ऑफ क्राइम टीम गठित कर मौके पर भेज दी गई है।

धर्म सिंह 2005 में सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद वे घर पर ही रहते थे। धर्म सिंह के परिवार में एक बेटा, एक बेटी और पत्नी हैं। धर्म सिंह का बेटा असंध में फिजियोथेरेपिस्ट का काम करता है। शुक्रवार को धर्म सिंह का बेटा और बहू किसी काम से जींद आए हुए थे। धर्म सिंह और उनकी पत्नी घर पर थे। तभी धर्म सिंह ने अपने पास मौजूद डबल बैरल बंदूक से खुद की गर्दन में गोली मार ली। धर्म सिंह का रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है।

Exit mobile version