रोहतक के चांदी गांव से एक दिन पहले लापता हुए सेवानिवृत्त फौजी रामचंद्र (74) का शव रविवार दोपहर तीन बजे एमडीयू के पीछे कन्हेली पुल के पास झाड़ियों में मिला। परिजनों ने जहां लूटपाट के बाद हत्या की आशंका व्यक्त की है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की बात कह रही है। फिलहाल लाखनमाजरा थाने में फौजी की गुमशुदगी का केस दर्ज किया गया है।
चांदी गांव निवासी कुलदीप ने बताया कि वे पाड़ा मोहल्ले के नजदीक स्कूल में जेबीटी अध्यापक हैं। उसके पिता रामचंद्र सेना में कार्यरत थे, जो 1999 में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए। वह शनिवार सुबह गांव से रेलवे रोड स्थित निजी अस्पताल में दवाई लेने आए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे।
वह परिवार के सदस्यों के साथ रोहतक पहुंचा और पीजीआई, सिविल अस्पताल, निजी अस्पतालों के अलावा रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर तलाश किया, लेकिन कहीं सुराग नहीं लग सका। सोशल मीडिया पर अपने परिजनों को पिता की फोटो भेजी। रविवार सुबह नौ बजे एक युवक ने बताया कि उक्त बुजुर्ग को उसने शनिवार दोपहर पुराने बस स्टैंड के नजदीक एक निजी अस्पताल के बाहर बैठे देखा था। वे अस्पताल के पास पहुंचे और आसपास लगे कैमरों से सीसीटीवी फुटेज निकलवाई।
मृतक के बेटे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि उसके पिता एक बेंच पर बैठे हुए हैं। 20 सेकंड बाद अचानक गिर जाते हैं। तभी हरे रंग की ऑटो में एक युवक आता है और उसके पिता को ऑटो में बैठाकर ले जाता है। फुटेज देखकर उनको लगा कि पीजीआई या सिविल अस्पताल में दाखिल कराया होगा, लेकिन दोनों जगह सुराग नहीं लगा। वे फुटेज लेकर सिटी, सब्जी मंडी व लाखनमाजरा पुलिस के पास गए।
लाखनमाजरा पुलिस ने कहा कि फुटेज रोहतक की है। रोहतक पुलिस वाले बोले, लाखनमाजरा थाना क्षेत्र से आपके पिता आए थे। इसी बीच परिजनों को पुलिस से पता चला कि एक शव कन्हेली पुल के पास मिला है। परिजन तत्काल वहां पहुंचे। देखा तो शव चांदी गांव निवासी रामचंद्र का ही था।

