रोहतक, में कल उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा है कि राष्ट्रीय ध्वज की शान के लिए हमारे असंख्य बहादुर शूरवीरों ने अपनी कुर्बानी दी है। इसलिए राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि आजादी की 75 वीं वर्षगांठ आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम 11 से 17 अगस्त तक चलाया जाएगा।

कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि इस पावन बेला में देश के नागरिकों को यह सौभाग्य मिला है कि प्रत्येक नागरिक आजादी के इस महान पर्व पर 11 से 17 अगस्त तक अपने-अपने घरों पर तिरंगा अपने साधन अनुरूप फहराये। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को लेकर सभी सरकारी कार्यालयों तथा अधिकारियों व कर्मचारियों के निवास स्थान पर भी तिरंगा फहराया जाएगा। जिला के अंतर्गत आने वाले सभी गैर सरकारी स्थानों पर भी तिरंगा फहराया जाएगा। प्रत्येक नागरिक स्वेच्छा से अपने घरों पर झंडा फहरा कर राष्ट्र के प्रति अपनी कृतज्ञता का स्वीकार करेंगे।

उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य यही है कि लोगों को इस कार्यक्रम के प्रति जागरूक करें और उन में राष्ट्र प्रेम की भावना को जागृत किया जा सके। उन्होंने बताया कि सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की भजन मंडलियां गांव-गांव जाकर लोगों को रागनियां व भजनों के माध्यम से हर घर तिरंगा कार्यक्रम का संदेश दे रही है। इसके अलावा स्कूलों में प्रोजेक्टर के माध्यम से देशभक्ति पर आधारित फिल्में भी दिखाई जा रही है ताकि बच्चों को यह पता चल सके कि कितने संघर्ष व कुर्बानी के बाद देश को आजादी मिली थी। उन्होंने जिला वासियों का आह्वान किया कि वे इस कार्यक्रम में बढ़ चढक़र हिस्सा लें क्योंकि यह कार्यक्रम उनका अपना है।
