Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के नामी हार्ट स्पेशलिस्ट डॉ. आदित्य बत्रा का हार्ट अटैक से निधन…बाथरूम में मिले बेसुध

रोहतक। हरियाणा के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आदित्य बत्रा (45) का बुधवार देर रात हार्ट अटैक से निधन हो गया। विडंबना यह रही कि वर्षों तक हजारों हार्ट मरीजों की जान बचाने वाले डॉक्टर खुद दिल का दौरा पड़ने से जिंदगी की जंग हार गए।

परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम दो ऑपरेशन करने के बाद डॉ. बत्रा रात करीब 8:30 बजे घर पहुंचे। घर आते ही वे बाथरूम में चले गए। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनकी पत्नी डॉ. मयंका ने उन्हें फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

अस्पताल से पता चला कि वे घर के लिए निकल चुके थे। इसके बाद परिवार और सुरक्षा कर्मियों ने तलाश शुरू की। बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला, जिसे तोड़कर खोला गया। अंदर डॉ. बत्रा बेहोशी की हालत में फर्श पर पड़े मिले।

उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने करीब तीन घंटे तक लगातार CPR दिया। 10 से अधिक डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन रात करीब 1:30 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हर रोज करते थे 4-5 हार्ट ऑपरेशन

डॉ. आदित्य बत्रा रोहतक स्थित होली हार्ट एडवांस्ड कार्डियक केयर एंड रिसर्च सेंटर में चीफ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट थे। वे रोजाना 4 से 5 हार्ट ऑपरेशन करते थे और पिछले कई वर्षों से हृदय रोगियों का इलाज कर रहे थे। परिजनों का कहना है कि उन्हें पहले कभी दिल की बीमारी की शिकायत नहीं थी।

कुछ दिन पहले डांस का वीडियो हुआ था वायरल

कुछ दिन पहले एक हेल्थ इवेंट में डॉ. बत्रा का डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। कार्यक्रम में एंकर ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि अगर किसी को हार्ट की दिक्कत हो तो डॉक्टर साहब मौजूद हैं। इसके बाद डॉ. बत्रा गोविंदा के गाने पर पूरे उत्साह के साथ डांस करते नजर आए थे।

PGI रोहतक और SGPGI लखनऊ से की थी पढ़ाई

डॉ. आदित्य बत्रा ने PGIMS रोहतक से एमबीबीएस और एमडी तथा SGPGI लखनऊ से डीएम (कार्डियोलॉजी) किया था। वे AIIMS दिल्ली, PGIMS रोहतक और फोर्टिस वसंत कुंज में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे।

BJP में भी थे सक्रिय

डॉ. बत्रा पिछले करीब तीन वर्षों से भाजपा की गतिविधियों में भी सक्रिय थे। 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में रोहतक सीट से उनके नाम की चर्चा टिकट के दावेदार के रूप में हुई थी। उनके निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सहित कई नेताओं और चिकित्सकों ने शोक व्यक्त किया।

डॉ. आदित्य बत्रा अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं।

Exit mobile version