हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने रिजल्ट से असंतुष्ट स्टूडेंट्स को बड़ी राहत दी है। बोर्ड द्वारा जारी हुए रिजल्ट से अगर 10वीं या 12वीं का कोई भी स्टूडेंट्स संतुष्ट नहीं है तो वह अपनी आंसर शीट की फोटो कॉपी निकलवा सकता है। स्टूडेंट्स को ये सुविधा घर बैठे ही मिलेगी। ऑनलाइन अप्लाई करने के बाद स्टूडेंट्स को आंसर शीट की पीडीएफ मेल पर मिल जाएगी।
बोर्ड के अनुसार रिजल्ट जारी होने के 60 दिन तक स्टूडेंट अपने आंसर बुक की फोटोकॉपी के लिए ऑनलाइन अप्लाई करवा सकते हैं। फोटो कॉपी स्टूडेंट्स को मेल पर भेजी जाएगी। आंसर शीट में गलती नजर आती है तो वे 15 दिन के अंदर फॉर्म भरकर बिना किसी अतिरिक्त चार्ज के ठीक करवा सकते हैं।
आंसर शीट की फोटो कॉपी निकलवाने के लिए स्टूडेंट सरल हरियाणा पोर्टल पर सामान्य जानकारी भरकर ऑनलाइन अप्लाई कर सकता है। इसके अलावा स्टूडेंट को फैमिली आईडी, आधार कार्ड, एप्लिकेशन फॉर्म सहित एक अन्य आईडी और देनी होगी। हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड ने स्टूडेंट्स के लिए यह सुविधा कुछ वर्ष पूर्व शुरू की थी।
आंसर शीट की फोटो कॉपी निकलवाने के लिए बोर्ड ने फीस निर्धारित की है। इसके लिए स्टूडेंट्स को 500 रुपए हर एक आंसर शीट के हिसाब से फीस देनी होगी। इसके बाद ही वह इस सुविधा का लाभ उठा सकेगा।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित 12वीं की परीक्षाओं का परिणाम आ चुका है। इस बार परीक्षा परिणाम पिछले साल के मुकाबले करीब 6% कम रहा है। इस साल 12वीं का परीक्षा परिणाम 81.66 प्रतिशत रहा जबकि पिछले साल का परीक्षा परिणाम 87% से ज्यादा था। 12वीं के मुकाबले 10वीं के परिणाम ज्यादा खराब रहे। इस परीक्षा में पिछले साल के मुकाबले रिजल्ट प्रतिशत में 7% से अधिक की कमी आई है।
12वीं की परीक्षा में 2,57,116 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 2,09,933 पास हुए तथा 47,183 परीक्षार्थी फेल हो गए। इस परीक्षा में 1,25,696 प्रविष्ठ छात्राओं में से 1,09,491 पास हुई, इनकी पास प्रतिशतता 87.11 रही, जबकि 1,31,420 छात्रों में से 1,00,442 पास हुए, इनकी पास प्रतिशतता 76.43 रही। इस प्रकार छात्राओं ने छात्रों से 10.68 फीसदी ज्यादा पास प्रतिशतता दर्ज कर बढ़त हासिल की है।
इस परीक्षा में राजकीय विद्यालयों की पास प्रतिशतता 80.66 रही तथा प्राइवेट विद्यालयों की पास प्रतिशतता 83.23 रही है। इस परीक्षा में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशतता 83.51 रही है, जबकि शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशतता 77.70 रही है। परीक्षा के स्वयंपाठी परीक्षार्थियों का परिणाम 52.44 प्रतिशत रहा है। इस परीक्षा में 3,587 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए जिनमें से 1,881 पास हुए।

