Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक के गांधी कैंप और अर्जुन नगर की टूटी सड़कों से मिलेगी मुक्ति: 74.31 लाख रुपये से बनेंगी सड़कें, नगर निगम ने जारी किए टेंडर

Breaking News Template intro for TV broadcast news show program with 3D breaking news text and badge, against global spinning earth cyber and futuristic style

रोहतक। शहर के वार्ड नंबर 15 स्थित गांधी कैंप और अर्जुन नगर की दो प्रमुख गलियों की तस्वीर जल्द बदलने वाली है। नगर निगम ने इन सड़कों के निर्माण और कायाकल्प के लिए कुल 74.31 लाख रुपये के टेंडर जारी कर दिए हैं। खास बात यह है कि इस बार केवल सड़कें बनाने तक काम सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जलभराव की समस्या से निपटने के लिए पानी निकासी के स्थायी इंतजाम भी किए जाएंगे।

नगर निगम के अनुसार, गांधी कैंप में 38.85 लाख रुपये की लागत से भारत गिफ्ट गैलरी से टी-पॉइंट तक नई सीमेंट कंक्रीट (CC) सड़क बनाई जाएगी। यह रास्ता बाजार और रिहायशी क्षेत्र का प्रमुख मार्ग है। सड़क बनने से दुकानदारों और यहां आने-जाने वाले लोगों को जाम और धूल से राहत मिलने की उम्मीद है।

अर्जुन नगर में 35.46 लाख से होगा सड़क का कायाकल्प

अर्जुन नगर में अपोलो टायर वाली गली पर 35.46 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां पुरानी और जर्जर तारकोल की सड़क को उखाड़कर मजबूत सीमेंट कंक्रीट सड़क बनाई जाएगी। इससे लंबे समय से खराब सड़क की समस्या दूर होने की उम्मीद है।

टेंडर में रखी गईं तीन खास शर्तें

नगर निगम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए टेंडर में तीन प्रमुख शर्तें रखी हैं।

1. एक साल तक ठेकेदार की जिम्मेदारी: सड़क बनने के एक साल के भीतर यदि सड़क में दरार आती है या वह उखड़ती है तो ठेकेदार को अपने खर्च पर पूरा पैनल बदलना होगा।

2. मौके पर होगी निर्माण सामग्री की जांच: निर्माण में घटिया रेत-बजरी या सीमेंट का इस्तेमाल नहीं हो, इसके लिए ठेकेदार को गली में ही फील्ड लैब लगानी होगी। थर्ड पार्टी एजेंसी भी निर्माण सामग्री की जांच करेगी।

3. बिना बताए नहीं होगी खुदाई: सड़क निर्माण के दौरान पानी की पाइपलाइन या इंटरनेट-बिजली की केबल को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए ठेकेदार को ‘कॉल बिफोर यू डिग’ ऐप के माध्यम से संबंधित विभागों को पहले अलर्ट भेजना अनिवार्य होगा।

बारिश में जलभराव रोकने के लिए बनेंगे चैंबर

गांधी कैंप में सड़क निर्माण के साथ पानी निकासी की व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा। इसके लिए चैंबर बनाए जाएंगे, ताकि बारिश के दौरान गलियों में पानी जमा होकर तालाब जैसी स्थिति न बने।

नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र दुहन के अनुसार, शहर की सभी गलियों के टेंडर लगाए जा रहे हैं, ताकि कोई भी सड़क या गली जर्जर हालत में न रहे। अगले मानसून सीजन तक पानी निकासी की समस्या को भी दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

Exit mobile version