रोहतक के शहरवासियों के लिए खुशखबर- अब शीला बाईपास चौक पर लगने वाला लंबा जाम नहीं लगेगा। क्योकि अब शीला बाईपास फोरलेन ओवरब्रिज खोल दिया गया है। इधर से गुजरने वाले लोग आसानी से अपने गंतव्य को रवाना हो सकेंगे। इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा फायदा पानीपत, जींद और सोनीपत आदि जिलों से मरीजों को लेकर आने वाली एंबुलेंस को होगा। ये वाहन बिना जाम में फंसे आसानी से पीजीआईएमएस आ जा सकेंगे।
बीते 3 दिन से इस फोरलेन ओवरब्रिज पर तारकोल की सड़क बनाने का कार्य चल रहा था। जोकि बुधवार की शाम को पूरा कर लिया गया। इसके बाद पीडब्लूडी के अधिकारियों द्वारा इस पुल को आमजन के लिए खोलने का निर्णय किया गया। 750 मीटर लंबे और फोरलेन वाले इस पुल के दिल्ली बाईपास व नए बस स्टैंड साइड से एंट्री प्वाइंट से अवराेध हटाने के बाद पुल से वाहनों का आना जाना शुरू हो गया। जानकारी मिलने के बाद आसपास की कॉलोनियों के युवाओं ने कौतुहल बस पुल के ऊपर से दोपहिया वाहनों से गुजरने का आनंद उठाया। फिलहाल, इस पुल का निर्माण होने से नए बस स्टैंड से होकर सोनीपत, दिल्ली, पंजाब की ओर निकलने वाली बसों को बाईपास होकर गुजारा जा रहा था।
पुल के ऊपर से ट्रैफिक चालू होने के बाद पुल के दोनों तरफ की सर्विस रोड के निर्माण का कार्य गुरुवार से प्रारंभ कर दिया जाएगा। ट्रैफिक नीचे कम होने से सड़क बनाने में असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। दूसरे अभी पुल के दोनों साइड में साउंड बैरियर लगाने का कार्य चल रहा है। इसके अलावा आवागमन की सुविधा के लिए स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जा रही हैं। यह कार्य पीडब्लूडी की इलेक्ट्रिक शाखा की टीम कर रही है।
