Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में यात्रियों के लिए राहत, अब रोडवेज बसों में मिलेगा ठंडा पानी, निदेशालय ने जीएम को दिए आदेश

हरियाणा राज्य परिवहन विभाग ने गर्मी के मौसम में यात्रियों के लिए रोडवेज की सभी बसों में ठंडे पानी की व्यवस्था करने का बड़ा फैसला लिया है। परिवहन निदेशालय ने प्रदेश के सभी डिपो महाप्रबंधकों को पत्र जारी कर यात्रियों के लिए बसों में पीने के लिए ठंडे पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग के इस फैसलें से यात्रियों को अब सफर के दौरान प्यास लगने पर पानी के लिए इधर उधर भटकने या फिर महंगा पानी खरीदकर अपनी प्यास नहीं बुझानी पड़ेगी।

प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से भयंकर गर्मी का प्रकोप बना हुआ है। सोमवार को प्रदेश में 18 जिलो में रात को तापमान 31 से 33 डिग्री तक पहुंच गया था तथा 10 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान एक बार फिर 46 का आंकड़ा पार कर चुका है। मंगलवार को स्थिति सोमवार से अधिक गंभीर बनी हुई थी। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहले अभी अगले तीन दिन तक हीटवेव से राहत की उम्मीद भी नहीं है। मौसम विभाग ने 29 जून से प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने की भी संभावना जताई है

गर्मी के मौसम में अक्सर सफर करते समय प्यास लगने पर महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को अधिक परेशानी करनी पड़ती है। लॉंग रूट पर यह समस्या अधिक देखने को मिलती है। हांलाकि चालक परिचालक यात्रियों की प्यास बुझाने के लिए कई बार नदी किनारे या अन्य स्थानों पर लगे हैंडपंप इत्यादि देखने पर बसों को रोक लेते हैं, ताकि यात्री अपनी प्यास बुझा सके, परंतु हर रूट पर ऐसा संभव नहीं हो पाता।

सरकार ने प्रदेश के सभी बस अड्डों पर यात्रियों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था के लिए वाटर कूलर लगाए हुए हैं, परंतु अव्यवस्था के चलते अधिकतर बस अड्डों पर आरओ वाटर कूलर बंद मिलते हैं। जिससे यात्रियों को बस अड्डों की कैंटीन या आसपास बनी दुकानों से बोतल खरीदकर पानी पीना पड़ता है। ऐसे में बसों में यात्रियों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था के आदेश जमीन पर कितने कारगर हो पाएंगे यह आने वाला वक्त ही बताएगा। क्योंकि निदेशालय के आदेशों में पानी की व्यवस्था करने का उल्लेख तो हैं। इसकी व्यवस्था कैसी होगी, इसका इसके लिए कुछ नहीं कहा गया है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर चालक परिचालक ठंडे पानी की व्यवस्था करेंगे कैसे। इसके लिए विभाग की तरफ से फंड दिया जाएगा या फिर विभाग कैंपर उपलब्ध करवाएगा।

Exit mobile version