
पानीपत में प्रॉपर्टी विवाद ने एक रिलाइंस कर्मचारी की जान ले ली। शुक्रवार को युवक का शव उसी के कमरे से जली हुई अवस्था में मिला है। युवक ने आज सुबह मायके गई अपनी पत्नी को ताऊ के लड़के से प्रॉपर्टी के विवाद के कारण परेशान होने का मैसेज किया था। जिसके बाद पत्नी ने अपनी ननद को बताया। वह करनाल से पानीपत पहुंची तो भाई का शव बेड पर जली हुई अवस्था में मिला। पुलिस को एक पेज का सुसाइड नोट भी मिला है। मॉडल टाउन पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया है।
करनाल निवासी शालू ने बताया कि उनका मायका मॉडल टाउन में मकान नंबर 486/R है। शुक्रवार सुबह उनकी भाभी का फोन आया कि 46 वर्षीय पति गौरव अग्गी ने उन्हें सोशल मीडिया पर मैसेज कर कहा कि वह ताऊ के लड़के अमित उर्फ नीटू से तंग आ चुका है। वह जान से मारने की धमकी देने के साथ उसे मैंटली टॉर्चर कर रहा है।
तभी गौरव की बहन शालू पानीपत के लिए रवाना हुई। शालू मॉडल टाउन थाना पुलिस को लेकर घर पहुंची। यहां गौरव के कमरे के गेट बंद थे। पुलिस गेट तोड़कर अंदर घुसी तो बेड पर गौरव का जला हुआ शव मिला। पुलिस ने मौके से एक पेज का सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसे गुप्त रखा गया है। DSP संदीप सिंह, मॉडल टाउन थाना प्रभारी योगेश, फारेंसिंग टीम और CIA-2 ने मौके पर पहुंचकर मामले की पड़ताल की है।
