Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में बारिश का रेड अलर्ट:अंबाला में शुरू हुई बरसात, 2 जिलों में भारी बारिश के आसार; बंगाल की खाड़ी से लौटा मानसून

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने हरियाणा में पहली बार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसी बीच अंबाला में बारिश शुरू हो गई है। अंबाला के अलावा मौसम विभाग ने पंचकूला और यमुनानगर में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है। यहां 11 बजे तक मौसम बिगड़ने की संभावना है।

इसके साथ ही अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला के ही कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। यहां मध्यम बारिश की संभावना है। जबकि, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत के कुछ क्षेत्रों में यलो अलर्ट है। यहां बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज (6 जुलाई) हरियाणा के 6 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर शामिल हैं। 10 जुलाई तक राज्य में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (CCHAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मानसून की हवाएं दक्षिण की ओर चली गई थीं, जिससे हरियाणा में ज्यादातर जगहों पर कम बारिश हुई। अब ये हवाएं उत्तर की ओर बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि अब इनकी स्थिति श्रीगंगानगर (राजस्थान), भिवानी, आगरा (उत्तर प्रदेश), बांदा (उत्तर प्रदेश), कोलकाता (पश्चिम बंगाल) होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इस वजह से बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाएं हरियाणा की ओर आ रही हैं। इसलिए, 10 जुलाई तक हरियाणा में मौसम बदलता रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी और हवा में नमी बनी रहेगी।

Exit mobile version