Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में निजी स्कूलों की मान्यता होगी रद्द:शीतकालीन छुट्टियों के बावजूद बहाने बनाकर खोले जा रहे; स्टाफ को भी बुलाया जा रहा

हरियाणा में 15 दिन के विंटर वैकेशन यानी शीतकालीन छुटि्टयों में जो प्राइवेट स्कूल खुले मिले, उनकी मान्यता रद्द की जाएगी। शिक्षा विभाग ने इसके लिए सभी जिलों के अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं। जिसमें उनसे ऐसे स्कूलों की रिपोर्ट मांगी जा रही है।

शिक्षा विभाग ने 1 से 15 जनवरी तक प्रदेश में शीतकालीन छुटि्टयां घोषित की हैं। यह आदेश सरकारी के साथ सभी प्राइवेट स्कूलों समेत नर्सरी से लेकर 12वीं तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों में लागू होंगे

1. किसी न किसी बहाने खोले जा रहे निजी स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक उनके पास रिपोर्ट पहुंची हैं कि किसी न किसी बहाने निजी स्कूल खोले जा रहे हैं। जिसमें स्कूल स्टाफ को भी बुलाया जा रहा है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने 27 दिसंबर को शीतकालीन छुटि्टयां घोषित की हैं।

2. अप्रिय घटना का जिम्मेदार स्कूल होगा अगर शीतकालीन छुटि्टयों के दौरान कोई स्कूल खोलता है तो उसके खिलाफ विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उस स्कूल की मान्यता रद्द करने की सिफारिश भी की जा सकती है। किसी भी अप्रिय घटना के लिए स्कूल खुद जिम्मेदार होगा। इन आदेशों को सख्ती से लागू किया जाए।

निदेशालय ने आदेश में कहा था कि 1 से 15 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। 16 जनवरी को स्कूल खोले जाएंगे। आदेश में यह भी कहा गया था कि इन छुटि्टयों के दौरान CBSE, ICSE बोर्ड आदि के नॉर्म्स के अनुसार बोर्ड कक्षाओं (10वीं और 12वीं) के लिए निर्धारित शेड्यूल के अनुसार स्टूडेंट्स को प्रैक्टिकल के लिए स्कूल में बुलाया जा सकता है।

ये आदेश सरकारी और प्राइवेट, दोनों ही स्कूलों पर लागू किए गए थे। इस संबंध में राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी के साथ स्कूल मुखियों और प्रभारियों को भी इन्हें सख्ती से लागू करने को कहा गया था।

Exit mobile version