Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 100 से ज्यादा जगहों पर जलेगा रावण:पंचकूला में सबसे ऊंचा 181 फीट का पुतला; हिसार-कैथल में गर्दन घुमाएगा दशानन

हरियाणा में 100 से ज्यादा जगह रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले लग गए हैं। गुरुवार यानी आज दशहरे पर इनका दहन होगा। पंचकूला में सबसे ऊंचे 181 फीट के रावण के पुतले का दहन होगा। इसमें रिमोट कंट्रोल सिस्टम लगाया गया है। इससे ही रावण का दहन होगा। वहीं हिसार और कैथल में गर्दन घुमाने वाले रावण का पुतला लगाया गया है।

हिसार में रावण के मुंह से आग निकलेगी और मुकुट पर लाइट जलेगी। सीएम नायब सैनी पंचकूला में दशहरा मेले में शामिल हो सकते हैं। बुधवार को पंचकूला में इसे लेकर रिहर्सल भी हुई। हालांकि सीएम का दिल्ली में भी कार्यक्रम है। हरियाणा के अधिकांश शहरों में पुतला दहन के दौरान रूट डायवर्ट और ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। जनप्रतिनिधि भी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

रोहतक में 5 जगहों पर रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा, जिसमें पुराना आईटीआई मैदान में सबसे ऊंचे 75 फीट के रावण का पुतला तैयार किया गया है। यहां कुंभकर्ण 70 फीट और मेघनाद का पुतला 65 फीट का रहेगा। उधर, वैश्य स्कूल ग्राउंड, गौकर्ण सरोवर, पुराना बस स्टैंड और गांधी कैंप में रावण के पुतलों का दहन होगा। इनमें से 3 कार्यक्रमों में पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

गुरुग्राम में 35 जगहों पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से बस स्टैंड, सिंगापुर कार्निवाल, सेक्टर 29 बैकयार्ड स्पोर्ट्स क्लब, सेक्टर 56 में दशहरा मेला, डीएलएफ क्लब वाइटा, सेंट्रल लॉन, डीएलएफ फेज-5, श्री दुर्गा रामलीला ग्राउंड जैकबपुरा, दशहरा ग्राउंड, न्यू कॉलोनी, मेफील्ड गार्डन, सेक्टर 50, शीतला माता मंदिर ग्राउंड, आरडब्ल्यूए कॉलोनी सेक्टर 23, पालम विहार मार्केट, गोवा कंट्री क्लब पालम विहार, हुडा मार्केट सेक्टर 31 के पास ग्राउंड में रावण दहन होगा।

कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 65 फीट ऊंचा रावण का पुतला लगाया गया है। रावण के पुतले में 600 बम लगाए गए हैं।

फरीदाबाद में 2 जगहों पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। फरीदाबाद के बड़खल व बल्लभगढ़ दशहरा ग्राउंड में विजय दशमी का उत्सव मनाया जाएगा। उधर, फतेहाबाद में 6 जगह रावण का पुतला जलाया जाएगा। रतिया शहर के संस्कृति मॉडल स्कूल के ग्राउंड में 65 फीट के रावण का पुतला लगाया गया है।

Exit mobile version