Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक से बाढ़ पीड़ित 300 परिवारों के लिए भेजा राशन:राहत सामग्री लेकर रवाना हुए 2 ट्रैक्टर-ट्राली; शहरवासियों ने एकत्रित किया चंदा

रोहतक की सैनिक कॉलोनी व शहरवासियों की तरफ से पंजाब में आई बाढ़ से ग्रसित परिवारों के लिए राहत सामग्री के दो ट्रैक्टर भरकर भेजे गए है। बाढ़ से प्रभावित फिरोजपुर क्षेत्र में रहने वाले करीब 300 परिवारों के लिए पर्याप्त राहत सामग्री एकत्रित करके भेजी गई है, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।

सैनिक कॉलोनी गुरुद्वारे से राहत सामग्री लेकर गए श्रवण सिंह ने बताया कि पंजाब में चारों तरफ पानी भरा हुआ है। कुछ क्षेत्रों में बाढ़ आई है, जिससे परिवारों के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। ऐसे में सैनिक कॉलोनी व शहरवासियों ने चंदा एकत्रित करके करीब 300 परिवारों के लिए राहत सामग्री जुटाई और फिरोजपुर के लिए रवाना किया है।

राहत सामग्री में करीब 300 परिवारों के लिए राशन का सामान जुटाया गया, जिसमें चावल, दाल शामिल है। वहीं बिस्कुट, पानी की 150 पेटी व हल्का फुल्का खाने का सामान बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजा गया है। सारा सामान लोगों से एकत्रित किए चंदे से खरीदा गया, जिसे देर रात को रवाना किया।

राहत सामग्री में एक से 5 साल तक के बच्चों के लिए 522 सूट, सिर छुपाने के लिए 300 तिरपाल, मच्छरों से बचाने के लिए 300 मच्छरदानी, साफ सफाई के लिए 125 कर्णी, पहनने के लिए 400 चप्पल ट्रैक्टरों के माध्यम से भेजी गई है। साथ ही एक लाख रुपए की दवाइयां भी भेजी गई है, ताकि छोटी मोटी बीमारी में काम आ सके।

गुरुद्वारे से देर रात को फिरोजपुर पंजाब के लिए राहत सामग्री से भरे दो ट्रैक्टर ट्राली रवाना की गई, जो मोगा तक पहुंच गई है। मोगा तक टीम को कोई परेशानी नहीं हुई। आगे अगर जलभराव अधिक हुआ तो थोड़ी दिक्कत आ सकती है। लेकिन परिवारों तक राहत सामग्री जरूर पहुंचाई जाएगी।

श्रवण सिंह ने कहा कि पंजाब में आज कई स्थानों पर बाढ़ आई है, जिसके कारण हजारों परिवार प्रभावित हुए है। ऐसे में उनकी मदद के लिए लोगों को आगे आना चाहिए। मानव धर्म को निभाते हुए लोगों की सहायता करनी चाहिए। आज हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों से राहत सामग्री पंजाब में पहुंचाई जा रही है।

Exit mobile version