Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कुरुक्षेत्र में ताबड़तोड़ चली गोलियां, कार लूट मामले में जर्मनी से डिपोर्ट बदमाश घायल; दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार

 पिहोवा रोड पर मुर्तजापुर गांव के पास सीआईए-2 और बदमाशों में सोमवार अलसुबह मुठभेड़ हो गई। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे एलएनजेपी जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जबकि दूसरे को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया।

आरोपितों में घायल 24 वर्षीय कर्ण विहार करनाल निवासी विशाल और दूसरा गिरफ्तार आरोपित कैथल जिले के किठाना कस्बे का रहने वाला लविश उर्फ लाडी है। विशाल करीब 15 दिन पहले जर्मनी से डिपोर्ट होकर भारत आया था। डिपोर्ट होने के बाद से विशाल एक बार भी घर भी नहीं गया।

पुलिस के अनुसार विशाल और लविश ने दो साथियों के साथ 12 जून की रात अंबाला के टैक्सी ड्राइवर से गन प्वाइंट पर होंडा सिटी कार लूटी थी। सीआईए-2 को गुप्त सूचना मिली कि विशाल और लविश पिहोवा क्षेत्र में घूम रहे हैं। टीम ने मुर्तजापुर गांव के पास घेराबंदी की। खुद को घिरते देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग दौरान एक गोली पुलिसकर्मी के पास से निकल कर गई, जबकि एक गोली पुलिस की गाड़ी को लगी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाब में फायरिंग की, जिसमें एक गोली विशाल के पैर में लगी। इसके बाद दोनों को काबू किया गया। हालांकि बाद में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले में छह और आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अभी कार लूट के अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी भी खंगाल रही है। गिरफ्तार आरोपितों से भी पूछताछ की जाएगी।

अंबाला के महावीर नगर निवासी टैक्सी ड्राइवर मंजीत कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 12 जून की रात वह टैक्सी स्टैंड पर था। करीब 8:30 बजे स्टैंड पर चार युवक उसके पास आए। उन्होंने होंडा सिटी कार को किराये पर कैथल जाने के लिए बुक किया। वो उन चारों युवकों को लेकर रवाना हुआ।

उन्होंने रात करीब 9:40 बजे अरुणाय कट के पास पेशाब करने के बहाने गाड़ी रुकवाई। उसने जैसे ही गाड़ी रोकी तो आगे की सीट पर बैठे युवक ने उसके ऊपर देसी कट्टा तान दिया और नीचे उतरने को कहा। डर के कारण वह गाड़ी से उतर गया। इसके बाद पीछे बैठे युवक ने ड्राइविंग सीट संभाल ली और चारों उसे धमकाते हुए कार लूट कर फरार हो गए। जाते-जाते वे उसका मोबाइल भी छीन ले गए थे।

Exit mobile version