Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सिंगर गुरु रंधावा के जिम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, लॉरेंस बिश्‍नोई गैंग ने कहा- पहले ही कहा था सलमान से दूर रहो

पंजाबी और बॉलीवुड के बड़े सिंगर गुरु रंधावा के जिम पर गुरुवार की सुबह-सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग की गई है। दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में मौजूद ’24HS फिटनेस दिल्ली’ नाम से उनका जिम है, जिस पर फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस मामले की जिम्मेदारी पिछले कुछ दिनों से इस तरह के वारदात को अंजाम देने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ही ली है। इस पूरे मामले का कनेक्शन सलमान खान से जुड़ा बताया जा रहा है।

नवभारतटाइम्स को मिली जानकारी के मुताबिक, ’11/06/26 की सुबह-सुबह, पश्चिम विहार ईस्ट पुलिस स्टेशन को दिल्ली के पश्चिम विहार में पुष्कर एन्क्लेव स्थित (24 Hs फिटनेस) जिम में गोलीबारी की घटना के बारे में एक PCR कॉल मिली। शुरुआती जांच में यह पुष्टि हुई है कि बाइक पर सवार दो अज्ञात लोगों ने, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे, जिम के शीशे पर कुछ राउंड गोलियां चलाईं। इस घटना में किसी को भी कोई चोट नहीं आई है। लोकल और जिला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है और उचित कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है। आरोपियों की पहचान करने, उनका पता लगाने और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

फायरिंग की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी गई। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते साफ-साफ शब्दों में रंधावा को पहले ही दी गई चेतावनी की बात कही है और लिखा है, ‘यह सलमान खान के कुछ ज्यादा ही करीबी हो रहा था, इसको हमने पहले भी समझाया था की इससे दूर रहो ये हमारा दुश्मन है।’

सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से जुड़े अनिल पंडित का एक पोस्ट इस वक्त चर्चा में है जिसमें इस घटना को लेकर कुछ बातें कही गई हैं। पोस्ट में लिखा गया है, ’24 HS FITNESS DELHI, गुरु रंधावा की जिम पर जो फायरिंग हुई है, वो मैंने अनिल पंडित USA और LAWRENCE BISHNOI ग्रुप ने की है। यह सलमान खान के कुछ ज्यादा ही करीबी हो रहा था. इसको हमने पहले भी समझाया था कि इससे दूर रहो ये हमारा दुश्मन है लेकिन इसको समझ नहीं आई। जितने भी हमारे दुश्मन हैं वो किसी भी कोने में छुप जाए जल्दी ही सबसे मुलाकात होगी।’

Exit mobile version