सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र के एक गांव में देर रात एक शराब कारोबारी के घर के बाहर कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग कर दी गई। पीड़ित युवक ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार आरोपी पहले फोन पर गाली-गलौज करते रहे और उसके बाद हथियारों से लैस होकर कार में सवार होकर घर पहुंच गए।
आरोप है कि आरोपियों ने घर के बाहर पहुंचते ही फायरिंग शुरू कर दी, जिससे परिवार में दहशत फैल गई। घटना में घर की खिड़की के शीशे और एक कार को नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खाली खोल बरामद किए। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव गुमड़ के रहने वाले कुनाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने समालखा क्षेत्र में शराब के ठेके ले रखे हैं। करीब एक साल पहले गांव के संदीप ठेकेदार को मिट्टी बेचने का लेन-देन हुआ था। इसी दौरान गांव के मनोज ने उस पर आरोप लगाया था कि उसने उनके पैसों से शराब के ठेके और गाड़ी खरीदी है।
इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार इसी रंजिश के चलते पहले भी उस पर गोली चलाई गई थी, जिसके संबंध में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
कुनाल ने बताया कि गांव के मोहित के साथ करीब 20 दिन पहले मोबाइल फोन पर गाली-गलौज हुई थी। बाद में मोहित के जीजा की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि समझौते के बावजूद आरोपियों ने दोबारा उसे निशाना बनाया और बुधवार रात घटना को अंजाम दिया।
शिकायत के अनुसार 10 जून की रात करीब 11:16 बजे उसके मोबाइल पर एक फोन आया। आरोप है कि फोन पर मोहित अपने साथियों के साथ गाली-गलौज करने लगा। लगभग 10 मिनट बाद मोहित, मनोज, रवि, बच्ची, काला और अन्य साथी सफेद रंग की बलेनो कार में सवार होकर उसके घर पहुंच गए। उस समय कुनाल अपने पिता, बड़े भाई और चचेरे भाई के साथ मकान की छत पर बने कमरे में मौजूद था।
कुनाल ने आरोप लगाया कि जब वह कमरे की खिड़की से नीचे देखने लगा, तो मोहित ने उसे गाली देते हुए पिस्तौल से फायर कर दिया। गोली सीधे खिड़की के शीशे में जा लगी और वह झुक जाने के कारण बाल-बाल बच गया। इसके बाद रवि, बच्ची और एक अन्य साथी ने भी उसकी तरफ चार से पांच राउंड फायरिंग की।
शिकायतकर्ता के मुताबिक लगातार हो रही फायरिंग से बचने के लिए उसने और उसके परिजनों ने छत पर रखी ईंटें आरोपियों की ओर फेंकीं। इसके बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। आरोप है कि जाते समय वे अपनी कार भी वहीं छोड़कर भाग गए।
घटना के बाद नीचे पहुंचकर देखने पर कुनाल को अपनी आई-टेन कार का पिछला शीशा टूटा मिला। लगातार हुई फायरिंग के कारण पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने भी गोलियों की आवाज सुनकर घरों से बाहर निकलना शुरू कर दिया।
घटना के बाद नीचे पहुंचकर देखने पर कुनाल को अपनी आई-टेन कार का पिछला शीशा टूटा मिला। लगातार हुई फायरिंग के कारण पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने भी गोलियों की आवाज सुनकर घरों से बाहर निकलना शुरू कर दिया।
