Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुरुग्राम में दो पक्षों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग: व्यक्ति के पैर में लगी गोली, 5 लाख के सट्टे के लेन-देन को लेकर विवाद; दो गाड़ियां तोड़ी गईं

गुरुग्राम जिले के सेक्टर-10 स्थित एलपाइन स्कूल के समीप बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद में फायरिंग हो गई। घटना में एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है, जबकि मौके पर मौजूद दो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाए गए हैं। सूचना पाकर जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी वहां से जा चुके थे।

शुरुआती जांच में पता चला है कि यह विवाद कथित तौर पर अवैध सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़े लेनदेन को लेकर शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से सट्‌टे के पैसों के हिसाब-किताब को लेकर तनाव बना हुआ था। बताया जा रहा है कि पांच लाख का लेन-देन था। देर रात सेक्टर-10 में लेन-देन पर बैठक चल रही थी। इसके बाद एक पक्ष ने निकलते ही गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। बहस के दौरान हथियारों का प्रयोग किया गया।

इस घटना में गाडौली के रहने वाले 29 वर्षीय सिकंदर नाम का शख्स जख्मी हुआ है। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। हालांकि अभी पुलिस ने बयान नहीं लिया है। डॉक्टरों द्वारा फिट बताए जाने के बाद पुलिस इससे पूछताछ करेगी। बताया जा रहा है कि भीमगढ़ खेड़ी का रहने वाला अर्जुन साहू और आशीष के साथ इसका पैसे का लेन देन था। आशीष का ऑफिस हेल्पाइन स्कूल के पास है। सिकंदर डीपीजी कॉलेज में क्रिकेट कोच है। कोच सिकंदर आशीष का दोस्त है और फायरिंग के दौरान ये मौके पर थे। गोली चलने की घटना रात करीब 11 बजे की है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस की सक्रियता को देखते हुए आरोपी और घायल व्यक्ति घटना स्थल से भागने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए दोनों क्षतिग्रस्त गाड़ियों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी की गई है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि घटना के क्रम और उसमें शामिल व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के मूल कारणों और अवैध गतिविधियों के नेटवर्क की भी गहनता से जांच कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Exit mobile version