Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

2 युवकों पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग…नाले में फंसी स्कॉर्पियो छोड़ फरार हुए बदमाश

कुरुक्षेत्र की धर्मनगरी रविवार अलसुबह गोलियों की आवाज से गूंज उठी। शहर के गांधी नगर इलाके में काली स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने करीब डेढ़ दर्जन राउंड गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। फायरिंग में 20 वर्षीय अमन और 20 वर्षीय प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया गया। वारदात के बाद क्षेत्र में भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायरिंग करने के बाद बदमाश मौके से स्कॉर्पियो में फरार होने लगे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया। भागते समय आरोपियों की गाड़ी अनियंत्रित होकर एक नाले में जा गिरी। इसके बाद हमलावर स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने नाले में फंसी स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी एकत्र किया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश, सट्टे के कारोबार या पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद का माना जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फायरिंग की इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है।

दिन निकलने से पहले हुई इस वारदात ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Exit mobile version