सोनीपत में पुलिस लाइन में सरकारी आवास में रह रही महिला सिपाही के साथ बीती रात सरकारी आवास में ही दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला सिपाही के बयान पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आधी रात को बाहरी युवक के पुलिस लाइन में पहुंचने और वारदात को अंजाम देकर निकल भागने को भी पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। पुलिस लाइन के आरआइ इसकी जांच करेंगे।
महिला सिपाही ने कोर्ट कांप्लैक्स चौकी पुलिस को बताया कि वह हरियाणा पुलिस की सिपाही है और पुलिस लाइन में सरकारी आवास में रहती है। आधी रात को उसको दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनाई दी। दरवाजे पर उसका पुराना परिचित अक्षय उर्फ मोनू खड़ा था। उसने बहाने से दरवाजा खुलवा लिया। उसके बाद वह भयभीत करके उसको एक कमरे में ले गया। वहां पर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसआइ संदीप कुमार से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन में रह रही महिला सिपाही ने दुष्कर्म करने की शिकायत दी है। उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला सिपाही और आरोपित युवक लिव-इन में रह रहे थे। किसी बात पर विवाद हो जाने के बाद दुष्कर्म की शिकायत दी गई है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराकर मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए जाएंगे।

