Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणवी स्टेज डांसर से शादी का झांसा देकर रेप…होमगार्ड SI समेत 4 पर FIRडॉक्टर और 2 हवलदार के भी नाम शामिल

हरियाणवी स्टेज डांसर और सिंगर से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए होमगार्ड एसआई, एक सरकारी डॉक्टर और दो हवलदारों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि होमगार्ड एसआई ने शादी का झांसा देकर कई महीनों तक उसका यौन शोषण किया, जबकि अन्य आरोपी भी उसके घर आकर अभद्र व्यवहार करते थे।

पीड़िता ने 4 जून को पलवल शहर थाना में दी शिकायत में बताया कि फरवरी महीने में वह अपनी बेटी के एक मामले को लेकर थाने गई थी। यहां उसकी मुलाकात होमगार्ड एसआई मनोज कुमार से कराई गई। आरोप है कि मनोज ने केस में मदद का भरोसा दिलाया और बाद में उसे फरीदाबाद के एक होटल में बुलाया।

महिला का आरोप है कि होटल में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया गया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने विरोध किया और शिकायत की बात कही तो आरोपी ने शादी का झांसा दिया। इसी बहाने कई महीनों तक उसका यौन शोषण करता रहा।

पीड़िता का कहना है कि बाद में उसे पता चला कि मनोज पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। इसके बावजूद वह उसे झूठे आश्वासन देकर अपने जाल में फंसाए रहा।

डॉक्टर और दो हवलदार भी FIR में शामिल

महिला ने आरोप लगाया कि मनोज के साथ हवलदार महेंद्र, हवलदार अंकुर और पलवल सिविल अस्पताल के डॉक्टर राजेश भी उसके घर आते-जाते थे। चारों उसके घर पर बैठकर शराब पीते थे। विरोध करने पर अश्लील टिप्पणियां करते थे। पीड़िता का आरोप है कि एक बार डॉक्टर राजेश ने उसका हाथ भी पकड़ लिया था।

महिला ने बताया कि वह अपने पति से तलाक ले चुकी है और पिछले चार वर्षों से स्टेज डांसिंग और सिंगिंग का काम कर रही है। इस विवाद के बाद उसका कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

इन आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ केस

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर होमगार्ड एसआई मनोज सिंह, हवलदार महेंद्र, हवलदार अंकुर और पलवल सरकारी अस्पताल के डॉक्टर राजेश के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

शहर थाना प्रभारी जय भगवान ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस सभी आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है।

Exit mobile version