Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

राम रहीम का शूटिंग का टिप्स: शूटर को कहा- पिस्टल से 2 गुना वजन पानी का जग पकड़ो ,निशाना अचूक होगा जरूर गोल्ड मेडल जीतोगे

सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा मुखी राम रहीम की 40 दिन की पैरोल में अब चंद दिन बचे हैं। इस दौरान राम रहीम का ऑनलाइन गुरुकुल के नाम से सत्संग जारी है। इसमें हरियाणा के रतिया से अंडर 12 के एक शूटर साहिब इंसां पहुंचे।

राम रहीम ने साहिब को मेडल जीतने का टिप्स दिया। राम रहीम ने कहा कि पिस्टल के दोगुना वजन के बराबर जग में पानी भरकर उसे सीधा पकड़कर रखो, इससे मसल मजबूत होता है।

राम रहीम ने कहा कि हम स्कूलों में नेशनल चैंपियन को यह सिखाया करते थे। हाथ सीधा रखा करो। इसी प्रकार से सिरसा के शाह सतनाम जी गर्ल्स कॉलेज की चार शूटरों ने भी मेडल जीता। उन्हें भी मसल मजबूत करने के लिए पानी के जग वाला टिप्स बताया।

वहीं कनाडा की एक स्टूडेंट्स अवनीत ने कहा कि आपकी कृपा से मैं कनाडा पहुंच गई। आपने बीबीए या बीकॉम करने के वचन किए थे। मैं तो ठीक ठाक थी,आपने बीबीए, एमबीए करवा दी। अब पिता जी बैंकिंग का एग्जाम है, क्लियर हो जाए, इसके लिए आशीर्वाद देना। राम रहीम से राय ली कि कनाडा में काफी ठंड होती है। वैजिटेरियन डाइट में क्या ले सकते हैं।

राम रहीम ने कहा कि सूखा मेवा, सूखा नारियल और चने ले सकते हैं। ये लेने से माइनस 40 डिग्री में भी तंदुरूस्त रह सकते हैं। मांस-अंडा खाने वाले बीमार हुए। शाकाहारी भोजन से तंदुरूस्त रह सकते हैं।

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम की खुले में शौच जाने वाले बरनावा आश्रम के सेवादारों पर राम रहीम ने नाराजगी जताई। राम रहीम ने कहा कि कुछ सेवादार इधर उधर खेतों में जाते हैं। बाहर ना जाया करें। आपकी सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट का प्रबंध कर दिया गया है, उसे यूज किया करें।

यदि आपको जल्दी है तो अपने हिसाब से समय से पहले ही चल दिया करो। इधर उधर नहीं जाना। राम रहीम ने कहा कि किसी के खेत में जंगल नहीं जाना, ये हमारे वचन है और इसे 100 प्रतिशत ही माने।

राम रहीम की पैरोल 13 अक्टूबर को मंजूर हुई थी। राम रहीम को 8 शर्तों के साथ 40 दिन की पैरोल मिली थी। 15 अक्टूबर को राम रहीम की हरियाणा के रोहतक स्थित सुनारिया जेल से रिहाई हुई। जिसके बाद वह सीधे उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित बरनावा आश्रम चला गया। वहीं से वह लगातार डेरा प्रेमियों के साथ सत्संग कर रहा है।

Exit mobile version