Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक की सुनारियां जेल आज पहुंचेंगे राम रहीम:लग्जरी गाड़ियों का सिरसा से निकलेगा काफिला, पुलिस फोर्स की तैनात

रोहतक की सुनारिया जेल में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम 40 दिन की पैरोल के बाद आज दोबारा जेल में पहुंचेंगे। 5 अगस्त को पैरोल मिलने के बाद गुरमीत राम रहीम सुनारिया जेल से सीधे सिरसा डेरे के लिए रवाना हुए थे। पैरोल अवधि खत्म होने के बाद अब दोबारा जेल में आएंगे।

गुरमीत राम रहीम को 14वीं बार पैरोल या फरलो मिली थी, जिसके बाद वह सिरसा डेरे में गए थे। सिरसा डेरे में पहुंचने के साथ ही राम रहीम ने अपने अनुयायियों के लिए वीडियो संदेश भी जारी किया था। राम रहीम साध्वियों के यौन शोषण और हत्या के केस में 20 साल की सजा काट रहा है। सूत्रों के अनुसार, इस बार वह अपना जन्मदिन मनाने पैरोल पर गया था।

40 दिन की पैरोल मिलने के बाद 5 अगस्त को सुनारिया जेल से सुबह करीब साढ़े 6 बजे गुरमीत राम रहीम कड़ी सुरक्षा के बीच सिरसा के लिए रवाना हुए। उसका लग्जरी गाड़ियों का काफिला निकला था, जिसमें दो बुलेट प्रूफ लैंड क्रूजर, 2 फॉरच्यूनर व 2 अन्य गाड़ियां शामिल रहीं। अब वही लग्जरी गाड़ियों का काफिला उन्हें वापस लेकर आएगा।

25 अगस्त 2017 को 2 साध्वियों के यौन शोषण केस में राम रहीम को 20 साल कैद हुई। इसके बाद 17 जनवरी 2019 को पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में उम्र कैद हुई। वहीं, डेरा मैनेजर रणजीत सिंह के हत्या मामले में अक्टूबर 2021 में CBI कोर्ट ने उसे उम्र कैद की सजा सुनाई।

सजा मिलने के 3 साल बाद राम रहीम को इस मामले में हाईकोर्ट ने बरी कर दिया। अभी राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। यहां से पैरोल और फरलो लेकर वह अब तक 13 बार बाहर आ चुका है। यह 14वां मौका था, जब राम रहीम जेल से बाहर आया गया और आज वापस लौट रहा है।

Exit mobile version