डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम ने इस बार रोहतक की सुनारिया जेल से पैरोल पर बाहर आने के बाद सोशल मीडिया से दूरी बनाई हुई है। राम रहीम अबकी बार सोशल मीडिया पर लाइव नहीं आ रहा।
डेरा प्रबंधन राम रहीम का UP के बरनावा आश्रम से लाइव ब्रॉडकास्ट केवल सिरसा डेरा सच्चा सौदा में ही किया जा रहा है। ऐसे में अबकी बार प्रेमियों को संदेश है कि यदि उन्हें डेरा प्रमुख का सत्संग सुनना है तो वे केवल डेरे में आएं। इससे सोशल मीडिया पर प्रवचन सुनने वाले डेरा प्रेमी निराश हैं।
राम रहीम के सैंटएमएसजी यूट्यूब और फेसबुक चैनल पर उसका लाइव बंद कर दिया गया है। इसलिए प्रेमी सिरसा डेरे में आकर ही सत्संग सुन रहे हैं। राम रहीम ने अभी तक 5 सत्संग किए हैं। दूसरी ओर UP के बरनावा आश्रम में भी केवल वहीं सेवादार जा रहे हैं, जिनकी ड्यूटी लगाई जा रही है।
राम रहीम जेल से 20 जुलाई को बाहर आया। उसने बाहर आते ही अपनी एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड की, जिसमें बाढ़ के कहर से बचने के लिए वह भगवान से प्रार्थना करता है। साथ ही डेरा प्रेमियों को राहत व बचाव कार्य में भाग लेते हुए अपना ध्यान रखने का संदेश दिया था, परंतु अबकी बार राम रहीम ने अपनी गोद ली हुई बेटी हनीप्रीत के साथ कोई वीडियो शेयर नहीं की। हनीप्रीत के भी सभी सोशल मीडिया अकाउंट पर राम रहीम के साथ कोई नया वीडियो नहीं है।
राम रहीम अब तक 3 बार UP के बरनावा आश्रम में पैरोल काट चुका है। अब चौथी बार आया है। पिछली बार उसके अलसुबह सैर से लेकर, बिस्तर संभालने, घुड़सवारी, ऑर्गेनिक फार्मिंग जैसे सभी वीडियो उसने खुद सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किए थे, लेकिन अबकी बार वह इनसे बच रहा है,
राम रहीम 20 जुलाई को पैरोल पर आया है। उसे 30 दिन की पैरोल मिली है। राम रहीम का 15 अगस्त को जन्म दिवस है। राम रहीम पहली बार जेल से बाहर आकर अपना जन्म दिन UP के बरनावा आश्रम में मनाएगा। डेरा अबकी बार इस जन्म दिन को यादगारी बनाने की योजना बना रहा है। हर साल डेरा प्रेमी राम रहीम के जन्मदिन पर पौधारोपण करते हैं।
