Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जींद में राजू मर्डर केस: महिला समेत 7 आरोपी राउंडअप, मुखबिरी के शक में हुई थी हत्या; शव लेने को लेकर गतिरोध खत्म होने के आसार

जींद। हरियाणा के जींद जिले के कहसून गांव में 40 वर्षीय राजू की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित 7 आरोपियों को राउंडअप किया है। शुक्रवार सुबह पुलिस ने मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सदस्य आरोपियों की पहचान करने के लिए पुलिस के साथ CIA पहुंचे। इसके साथ ही दो दिनों से शव लेने को लेकर चल रहा गतिरोध खत्म होने के आसार बन गए हैं। हालांकि, अंतिम निर्णय शिनाख्त के लिए गए परिजनों के लौटने के बाद लिया जाएगा।

परिजन हत्या में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए थे। इसी वजह से उन्होंने शव लेने से इनकार कर दिया था। पुलिस अधिकारियों ने कई बार बातचीत कर परिवार को समझाने का प्रयास किया। देर रात SP उपासना ने भी जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया था।

सुबह 11:30 बजे पुलिस ने दी 7 आरोपियों के राउंडअप की सूचना

शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे उचाना थाना प्रभारी राजू और OSI आत्माराम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद परिजनों को एक महिला सहित 7 आरोपियों को राउंडअप किए जाने की जानकारी दी। पुलिस ने बाकी आरोपियों को भी जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया।

इसके बाद परिजन राउंडअप किए गए आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस के साथ जाने को तैयार हो गए। अब इस कार्रवाई के बाद शव के अंतिम संस्कार को लेकर बना गतिरोध समाप्त होने की उम्मीद है।

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे परिजन

इससे पहले वीरवार को परिजनों और पुलिस के बीच कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई। परिवार का कहना था कि जब तक हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे शव नहीं लेंगे।

दोपहर करीब 3 बजे पुलिस ने फिर परिजनों से बातचीत की और गिरफ्तारी का भरोसा दिया। इस पर परिजनों ने पूछा कि आरोपियों को गिरफ्तार करने में कितना समय लगेगा। उन्होंने कहा कि पहले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, इसके बाद वे शव का अंतिम संस्कार करेंगे। कुछ लोगों ने मुख्य 2-3 आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग भी रखी।

18 नवंबर की रात तेजधार हथियारों से किया था हमला

जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर की रात कहसून गांव में मुखबिरी के शक को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि पड़ोसियों ने एक परिवार पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में 40 वर्षीय राजू के सिर और छाती पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई।

हमले में राजू का भाई कृष्ण और उसके भतीजे शंकर व जावेद भी घायल हो गए। दोनों घायल युवक कृष्ण के बेटे हैं।

पुलिस को मुखबिरी करने का लगाया था आरोप

मृतक के भतीजे कुलबीर और जसमेर के मुताबिक, 18 नवंबर की सुबह रमेश और सावन के परिवार के कुछ सदस्यों को पुलिस चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। शाम को पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया था।

परिजनों का आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष ने उनके परिवार पर पुलिस को मुखबिरी करने का शक जताया और देर शाम बाहर से कार व बाइक पर अपने साथियों को बुलाकर हमला कर दिया। इस दौरान राजू पर तेजधार हथियारों से सिर और छाती पर वार किए गए।

पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं

SP उपासना ने कहा कि मामले में आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। आरोपी कहीं भी छिपे हों, उन्हें जल्द ढूंढ निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था हाथ में लेने की किसी को अनुमति नहीं दी जा सकती। पुलिस आमजन से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील कर रही है।

Exit mobile version