Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रायपुर के वकील ने दी थी शाहरुख खान को जान से मारने की धमकी, मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने मंगलवार को बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को पिछले हफ्ते जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। धमकी देकर दहशत फैलाने वाला  छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का एक वकील था जो अब पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस की मानें तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

7 नवंबर को, मुंबई पुलिस ने मामले की जांच के लिए रायपुर का दौरा किया और फैजान खान जो पेशे से वकील हैं, को पूछताछ के लिए बुलाया। रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने  बताया कि मुंबई पुलिस ने मंगलवार सुबह सूचित किया कि उन्होंने शाहरुख खान को मिली धमकी की जांच के तहत यहां पंडरी पुलिस स्टेशन क्षेत्र से फैजान खान को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अभिनेता को धमकी भरा कॉल फैजान के नाम से पंजीकृत फोन नंबर से किया गया था। पूछताछ के दौरान वकील ने पुलिस को बताया कि उसका फोन खो गया है और उसने इस संबंध में 2 नवंबर को यहां खमरडीह पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। सिंह ने बताया कि मुंबई पुलिस फैजान को रायपुर की एक अदालत में पेश करेगी और उसकी ट्रांजिट रिमांड मांगेगी। शाहरुख खान को मिली धमकी, कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से साथी अभिनेता सलमान खान को दी गई धमकियों के बाद आई है। 

Exit mobile version