रोहतक में शनिवार अलसुबह से ही मौसम बदला हुआ है। देर रात आसमान में बादल छाए और अल सुबह से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई। जिलेभर में हुई बरसात से मौसम भी सुहाना बना हुआ है। मानसून एक्टिव होने के बाद अब आगामी दिनों में भी बरसात का सिलसिला जारी रहेगा। जिसके चलते तापमान कम रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिली रहेगी।
मौसम विभाग की संभावना है कि सोमवार तक रुक-रुककर बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहेगा। हालांकि इसके बाद भी तेज हवाओं के साथ बरसात होने का अनुमान है। वहीं आगामी सप्ताह की बात करें तो अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक बढ़ेगा और न्यूनतम तापमान 25-26 डिग्री सेल्सियस ही बना रहेगा।
गिरा तापमान
शुक्रवार की बात करें तो अधिकतम तापमान 30 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं आगामी दिनों की बात करें तो सप्ताहभर के दौरान अधिकतम तापमान में चार व न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
शनिवार को हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। इधर, बारिश को फसलों के लिए भी फायदेमंद माना जा रहा है। इससे फसलों की ग्रोथ अच्छी होगी और किसानों को सिंचाई भी नहीं करनी पड़ेगी। इधर, बरसात होते ही शहर में जलभराव की स्थिति बननी शुरू हो जाती है। इसलिए शहरवासियों के लिए बरसात आफत बनती है।
